KBC 11: अमिताभ बच्चन के सामने ‘हॉट सीट’ पर नजर आएंगी डॉ. उर्मिला धतरवाल, ऐसे हुआ सेलेक्शन

डॉ. उर्मिला धतरवाल 'कौन बनेगा करोड़पति' में अमिताभ बच्चन के सामने 'हॉट सीट' पर नजर आएंगी। वे टॉप टेन में शो के लिए चुनी गई हैं। उर्मिला हरियाणा के हिसार जिले में जानी मानी चिकित्सक हैं। अगर वह फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट में सबसे पहले व ठीक जवाब देती हैं तो वह मशहूर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर बैठकर कौन बनेगा करोड़पति खेलेंगी।
इस संबंध में सोमवार को हिसार चुंगी के समीप अस्पताल में डॉ. उर्मिला धतरवाल की जीवनी दर्शाने के लिए मुंबई से आई टीम वीडियो रिकॉर्डिंग करने पहुंची व उनके चयन होने पर बधाई दी। डॉ. उर्मिला 16-17 सितंबर को मुंबई में कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर कन्टेस्टेंट के रूप में भाग लेंगी। बता दें कि करीब दो हफ्ते बाद जाकर टीवी पर इस शूट को दिखाया जाएगा।
फिलहाल हांसी क्षेत्र के लोग यही प्रार्थना कर रहे हैं कि वह फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट में प्रथम रहे।
वर्ष 2000 से ही कर रही थीं केबीसी के लिए कोशिश
अमर उजाला से हुई विशेष बातचीत में डॉ. उर्मिला धतरवाल ने बताया कि वह 2000 से ही केबीसी के लिए कोशिश कर रही हैं। उनका शुरू से ही मन था कि वह भी कौन बनेगा करोड़पति के खेल में भाग लें। इसको लेकर वह पिछले काफी समय से लिटरेचर पढ़ती आ रही हैं।
चिकित्सक होने के चलते उन्हें मेडिकल लाइन की जानकारी बखूबी है, लेकिन सामान्य ज्ञान व अन्य जानकारियों को प्राप्त करने के लिए वह बड़े ही शौक से अखबार पढ़ती हैं और खबरों पर ध्यान देती हैं। डॉ. उर्मिला की विशेष बात यह भी है कि वह कभी किसी बात को लेकर मायूस नहीं होती।
उन्होंने बताया कि उनमें काम करने का जुनून है। वह अपने प्रोफेशन के अलावा सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेती हैं और मानसिक व शारीरिक रूप से स्वयं को स्वस्थ रखने के लिए जिम व व्यायाम आदि करती हैं।
