चालान कटा तो घर से बच्चों को लाकर रोड पर बैठा ऑटो वाला

गाजियाबाद। गाजियाबाद में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चालान कटने पर एक ऑटो चालक ने जमकर हंगामा किया। ऑटो के कागजात लेने घर पहुंचा चालक अपने दो दिव्यांग बच्चों को लेकर मौके पर पहुंचा और सड़क पर बैठ गया। इससे आधे घंटे से भी ज्यादा समय तक रोड पर जाम लगा रहा। बताया गया कि पसौंडा निवासी इस्माइल अपना ऑटो लेकर मोहन नगर चौराहे की ओर जा रहा था। पुलिस ने जब उसे कागजात दिखाने के लिए रोका तो वह हंगामा करने लगा। पेपर पूरे न होने पर पुलिस ने उसका ऑटो सीज कर दिया। इसके बाद वह ऑटो के कागज लेने घर गया और वहां से अपने दो दिव्यांग बच्चों व बुजुर्ग को साथ ले आया। इसके बाद वह बच्चों व बुजुर्ग के साथ बीच रास्ते बैठ गया और हंगामा करने लगा। इस पर कुछ अन्य ऑटो चालक भी आ गए। देखते ही देखते सड़क पर जाम लगने लगा। पुलिस ने पहुंचकर ऑटो चालक को समझाया तो उसने घर से लाए कागजात दिखाए। उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला। इस पर पुलिस ने 2500 रुपये का चालान काट दिया। हालांकि बाद में पुलिस ने अन्य कागजात दिखाने पर उसका ऑटो छोड़ दिया।
