राशन कार्ड का सिस्टम हुआ ऑनलाइन, अब कौन बनना चाहेगी ‘बीवी नंबर 02’

गरियाबंद. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में एक से ज्यादा पत्नी रखने वालों को राशन कार्ड नवीनीकरण (Ration Card Renewal) करवाने में दिक्कत आ रही है. दरअसल, ऑनलाइन सिस्टम (Online system) में दूसरी पत्नी का नाम दर्ज करने का कोई प्रावधान नहीं है. ऐसा ही एक मामला गरियाबंद जिले में सामने आया है.

ऑनलाइन में दूसरी पत्नी का नाम दर्ज करने का कोई कॉलम नहीं

जिले में देवभोग ब्लॉक के दीवानमुडा गांव की मालती और हीरंद्री दोनों एक-दूसरे की शौतन हैं और पिछले 15 साल से एक साथ रह रही हैं. अब तक दोनों का नाम एक ही मैनुअल राशन कार्ड (Manual ration card) पर दर्ज था, लेकिन अब सरकार की राशन कार्ड नवीनीकरण करने की प्रक्रिया ने इनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं. परिवार के सभी सदस्यों के नाम ऑनलाइन दर्ज होने हैं. इसमें पति, पत्नी का नाम दर्ज करने के लिए कॉलम तो बना हुआ है, लेकिन दूसरी पत्नी का नाम दर्ज करने के लिए कोई कॉलम नहीं है. इस कारण मालती और हीरंद्री का राशन कार्ड नहीं बन पा रहा है.'अन्य' कॉलम में लिखा जाएगा दूसरी पत्नी का नाम

प्रदेश में इस तरह का यह पहला मामला सामने आया है, जिससे खाद्य विभाग के अधिकारी भी असमंजस (Confusion) में हैं. आवेदन मिलने के तीन महीने बाद भी अधिकारी इनका राशन कार्ड जारी नहीं कर पाए हैं. हालांकि अधिकारियों ने दूसरी पत्नी के नाम को रिश्ते में अन्य (Others) के कॉलम में डालकर राशन कार्ड बनाने का रास्ता निकाला है.

अब सवाल यह उठता है कि राशन कार्ड बनवाने के लिए इन शौतनों में से कोई बीवी नंबर वन का दर्जा छोड़कर 'अन्य' में शामिल होने के लिए तैयार होगी या नहीं.

Leave a Reply