मैनेजर पर धमकाने का आरोप, नाटक बंद करो नहीं तो घर में घुसकर मारूंगा

बिलासपुर । ठेका फर्म स्पैरो के प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा शुक्रवार की रात निगम के सहायक राजस्व अधिकारी को कॉल कर घर में घुसकर मारने की धमकी देने के मामले को लेकर निगम के कर्मचारी लामबंद हो गए हैं। कर्मचारी संघ ने शनिवार को आपात बैठक कर इस घटना की निंदा की है। साथ ही सोमवार को निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया। बैठक के बाद संघ ने विकास भवन मुख्यालय के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
नगर निगम कर्मचारी संघ की आपात बैठक विकास भवन में हुई। जिसमें सहायक राजस्व अधिकारी विनोद शर्मा को तलब कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। सहायक राजस्व अधिकारी ने बताया कि प्रोजेक्ट मैनेजर देवव्रत सिंह जो टैक्स जमा करा रहे हैं उसको लेकर संदेह है इसी वजह से उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर को कहा कि वे इससे संबंधित नस्ती और फाइल भी दें ताकि वे इसकी जांच कर सकें। इसी बात को लेकर देवव्रत सिंह ने रात को उनके मोबाइल पर कॉल किया और होशियारी न करने की हिदायत देते हुए कहा कि आप हर बात पर संदेह और जांच की बात करते हैं इस तरह का नाटक बंद करिए। सहायक राजस्व अधिकारी ने बताया कि प्रोजेक्ट मैनेजर ने कहा कि यदि अबकी नाटक किए तो घर में घुसकर मारूंगा इस दौरान मैं घर पर था और मोबाइल स्पीकर पर होने के कारण पूरा परिवार दहशत में आ गया। बातचीत की रिकॉर्डिंग और सहायक राजस्व अधिकारी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए निगम आयुक्त से सोमवार को शिकायत करने का निर्णय लिया और विकास भवन निगम मुख्यालय के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
