गीता भवन में आज से शिवपुराण कथा के साथ पितृ मोक्ष अनुष्ठान भी होगा

इन्दौर । मनोरमागंज स्थित गीता भवन के सत्संग सभागृह में नमः शिवाय मिशन ट्रस्ट शिवकोठी ओंकारेश्वर के संस्थापक एवं एक रोटी बाबाजी के नाम से प्रख्यात स्वामी शिवोहम भारती महाराज श्राद्ध पक्ष में 16 से 24 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दिवंगत पितरों के मोक्ष का अनुष्ठान तथा दोपहर 2 से सांय 6.30 बजे तक आंखों पर पट्टी बांधकर शिव पुराण की कथा करेंगे। पितरों के मोक्ष अनुष्ठान में लगभग 200 साधक भाग लेंगे।
आयोजन समिति के प्रमुख महेश गुप्ता, मांगीलाल झंवर एवं मोहन मोदी ने बताया कि गीताभवन में श्राद्धपक्ष के अवसर पर स्वामी शिवोहम भारती के मार्गदर्शन एवं विद्वान आचार्यों के निर्देशन में पितृ मोक्ष अनुष्ठान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से होगा। पूजन सामग्री एवं पितरों को स्थापित करने के लिए सफेद तथा लाल थेलियां आयोजन समिति की ओर से दी जाएगी। पूरे 9 दिनों तक यह पूजन-अर्चन चलेगा। दिवगंत पितरों की पूजा अर्चना तथा उन्हे शिव पुराण कथा श्रवण कराने के बाद 24 सितंबर को सभी पितरों को नमः शिवाय सेवाधाम ओंकारेश्वर ले जाकर 28 सितंबर को सर्वपितृ अमावस्या के दिन विधि विधान के साथ नर्मदा में विसर्जित किया जाएगा। इसके बाद सेवाधाम परिसर में ब्राम्हण भोज एवं भंडारा भी होगा। गीता भवन में हो रहा यह आयोजन आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। स्वामी शिवोहम भारती आज सांय इन्दौर पहुंच गए हैं। गीाताभवन में आयोजन समिति के महेश गुप्ता, दिनेश गुप्ता, अरविंद बागड़ी, राम ऐरन, हरि अग्रवाल, त्रिपुरारीलाल शर्मा, राजेंद्र गर्ग आदि ने उनकी अगवानी की।
स्वामी शिवोहम भारती इसके पूर्व मॉरिशस, गुजरात के जामनगर, मालवा-निमाड़ के खरगोन, बड़वानी,खंडवा तथा तीर्थराज नैमिषारण्य सहित अनेक शहरों में अपनी कथा की अमृत वर्षा कर चुके हैं। आयोजन समिति का प्रयास है कि शहर के सभी धर्मप्रेमी नागरिक इस दुर्लभ अवसर का पुण्य लाभ उठाएं। अब तक देश में जहां-जहां भी उनके सान्निध्य में इस तरह के आयोजन हुए हैं, वहां के श्रद्धालु अत्यंत भावविभोर एवं प्रभावित होकर अनेक व्यसनों से मुक्त हो चुके हैं।
