बरेली: प्रेरणा ऐप का विरोध कर रहे शिक्षकों में दो फाड़, कलेक्ट्रेट गेट पर हुई मारपीट

बरेली. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की योगी सरकार (Yogi Government) ने शिक्षकों (Teachers) की उपस्थिति के लिए प्रेरणा ऐप (Prerna App) की शुरुआत की है, लेकिन इस एप्लिकेशन की वजह से शिक्षकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है. बरेली (Bareilly) में प्रेरणा ऐप के विरोध में डीएम को ज्ञापन देने गए शिक्षक कलक्ट्रेट गेट पर ही आपस में भिड़ गए. उनके बीच जमकर मारपीट हुई. बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.
दरअसल, प्रेरणा ऐप को लेकर शिक्षकों में आक्रोश है, लेकिन उनके बीच मतभेद भी अब खुलकर सामने आ गए हैं. योगी सरकार ने शिक्षकों की मनमानी पर शिकंजा कसने के लिए प्रेरणा ऐप की शुरुआत की है, जिसका शिक्षक लगातार विरोध कर रहे हैं. इस ऐप के जरिए सभी शिक्षकों को सुबह समय से स्कूल पहुंचकर सेल्फी लेकर इस ऐप पर अपलोड करना होता है. इसके आलावा छुट्टी के वक्त भी इसी तरह सेल्फी लेकर ऐप पर अपलोड करने की व्यवस्था की गई है. इसके विरोध में शिक्षक डीएम को ज्ञापन देने गए थे.
दोनों पक्षों ने की कार्रवाई की मांग
जिला मंत्री (प्राथमिक शिक्षक संघ) अनूप कुमार मिश्रा का आरोप है कि जब वे लोग कलेक्ट्रेट के गेट पर अपना ज्ञापन सौंप रहे थे तो उसे पढ़कर भी सुना रहे थे. तभी एक अन्य शिक्षक अजरार हुसैन आगा और पंकज सक्सेना ने माइक बंद कर दी. जब एक शिक्षक ने उन्हें रोका तो उन पर रिवॉल्वर की नोक से हमला किया गया. इसके बाद बवाल बढ़ गया. मामले में दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस में तहरीर दी गई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
