बाढ़ पर सियासतः कमलनाथ सरकार के मंत्री बोले- शिवराज के इशारे पर केंद्र ने राहत राशि में कर दी कटौती

भोपाल. प्रदेश के आधे से अधिक इलाके में बारिश और बाढ़ के कारण जहां एक तरफ तबाही और बर्बादी का मंजर दिख रहा है, वहीं सियासतदां इस मौके को भी भुनाने से नहीं चूक रहे हैं. मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता जहां बाढ़ के बाद राहत एवं पुनर्वास के कामों में ढिलाई को लेकर प्रदेश सरकार पर लापरवाही बरतने और इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं. वहीं सत्ताधारी दल कांग्रेस (Congress) के मंत्री और नेता अपनी पार्टी और मुख्यमंत्री (CM Kamalnath) के बचाव की दलीलें पेश कर रहे हैं. सत्तापक्ष का कहना है कि प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव का कार्य मुस्तैदी के साथ कर रही है. कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा आपदा राहत कार्य के बहाने सरकार के खिलाफ साजिश रच रही है.
मंत्री ने शिवराज पर लगाया आरोप
प्रदेश में बाढ़ के हालात को लेकर गर्म हो रही सियासत पर कांग्रेस नेता, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) को अपना निशाना बना रहे हैं. प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी पर कमलनाथ सरकार के मंत्री बीजेपी पर हमलावर हो गए हैं. प्रदेश के मंत्री पीसी शर्मा (PC Sharma) ने बीजेपी नेताओं पर अफवाह फैलाकर लोगों को भड़काने का आरोप लगाया है. पीसी शर्मा ने कहा है कि केंद्र ने एसडीआरएफ फंड (SDRF Fund) के तहत मिलने वाले 310 करोड़ की राशि में कटौती की है. इसके पीछे शिवराज सिंह चौहान की साजिश है.
कांग्रेस की भी आंदोलन की चेतावनी
मंत्री पीसी शर्मा ने कहा है कि प्रदेश के विकास को प्रभावित करने के लिए शिवराज सिंह चौहान षड्यंत्र कर रहे है. उन्होंने कहा है कि शिवराज और केंद्र सरकार के रवैये को लेकर आंदोलन होगा. पीसी शर्मा ने दावा किया है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है. सीएम कमलनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम मुस्तैदी से जुटी है और मुख्यमंत्री लगातार अफसरों से फीडबैक ले रहे हैं. सीएम के निर्देश पर मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा मंदसौर औऱ नीमच में प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे. विधि मंत्री ने शिवराज समेत बीजेपी नेताओं पर बाढ़ पीड़ितों के नाम पर नौटंकी करने का आरोप लगाया है.
भाजपा ने मंत्रियों पर साधा निशाना
इधर, बाढ़ पीड़ितों की मदद को लेकर बीजेपी भी हमलावर हो गई है. पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) ने कहा है कि राज्य सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए केंद्र और बीजेपी नेताओं पर आरोप लगा रही है. विधायक नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि बाढ़ को लेकर हाहाकार मचा हुआ है और सरकार के मंत्री अब तक प्रभावित इलाकों तक नहीं पहुंचे हैं. वहीं, मंदसौर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं जब भी लोगों का दुख-दर्द बांटने निकलता हूं, तो कांग्रेस को उसमें राजनीति दिखाई देती है. गाली देना बंद करो, यह समय राजनीति करने का नहीं है, मैं यहां राजनीति करने नहीं आया हूं, लोगों के दुख-दर्द में शामिल होने आया हूं.' पूर्व सीएम ने बाढ़ प्रभावितों की मदद करने की घोषणा करते हुए कहा, 'मैं अपनी तरफ से पूरा वेतन दे रहा हूं. साथ ही विधायक जगदीश देवड़ा, यशपाल सिंह सिसोदिया और सांसद सुधीर गुप्ता भी अपना एक माह का वेतन दे रहे हैं.'
