फैसलाः हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ेगा शिअद, 22 को कुरुक्षेत्र में होंगे टिकट दावेदारों के इंटरव्यू्

शिरोमणि अकाली दल हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ेगा। यह फैसला पार्टी प्रधान सुखबीर बादल की अगुवाई में ही कोर कमेटी की बैठक में लिया गया। पार्टी प्रवक्ता हरचरण बैंस ने बताया कि 22 सितंबर को कुरुक्षेत्र में हरियाणा के वर्करों की मीटिंग रखी गई है। जिसमें टिकट के दावेदारों के इंटरव्यू लिए जाएंगे। सभी दावेदारों को 22 सितंबर तक अर्जियां देने को कहा गया है।
सांसद बलविंदर भूंदड़ की अगुवाई में एक पैनल बनाया गया है। जोकि टिकट वितरण के बारे में भाजपा से बातचीत करेगा। पैनल के अन्य सदस्यों में प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा और सुरजीत रखड़ा शामिल हैं। यह पैनल चुनावी रणनीति भी तैयार करेगा। बैंस ने बताया कि बैठक में एक विशेष प्रस्ताव पास किया गया है।
केंद्र सरकार से मांग की गई है कि देश भर की जेलों में अपनी सजा काट चुकेसिखों को रिहा किया जाए। पीएम नरेंद्र मोदी से श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर सिखों की असंवैधानिक कैद खत्म करने की अपील की गई है। फसलों को हुए नुकसान के लिए राज्य सरकार से किसानों को 25 हजार रुपये प्रति एकड़ देने की मांग की गई है।
अचल संपत्त्ति के नुकसान में पूरा मुआवजा देने को कहा गया है। इस दौरान जलालाबाद और दाखा उप चुनाव के लिए प्रचार कमेटियां बनाई गईं।
क्षेत्रीय भाषाओं के हक में आया शिअद
एक तरफ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हिंदी को लेकर एक देश, एक भाषा का नारा दिया है। जिससे देश भर में सियासी पारा चढ़ गया है। वहीं, भाजपा का गठबंधन सहयोगी शिअद पंजाबी के हक में डट गया है। कोर कमेटी ने प्रस्ताव पास कर अपनी संघीय सोच का संकल्प किया।
पंजाबी भाषा को संभालने और बढ़ावा देने के संबंध में अपनी मजबूत सैद्धांतिक प्रतिबद्धता को दोहराया। पार्टी ने कहा है कि पंजाबी भाषा को महान गुरु साहिबान ने इस क्षेत्र केलोगों की सभ्याचारक विरासत का अहम और अभिन्न अंग बनाया है। पार्टी का विश्वास है कि पूरे देश में क्षेत्रीय भाषाएं हमारी संघीय तथा लोकतांत्रिक राजनीति के बहु-सांस्कृतिक किरदार का अटूट अंग हैं।
