कर्जमाफी के लिए 100 करोड़ की मंजूरी के साथ राजस्थान में किसानों के लिए ये 3 राहत भरी खबरें

जयपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Chief Minister Ashok Gehlot) ने राजस्थान कृषक ऋण माफी योजना-2019 (दीर्घकालीन) (Rajasthan Farmers Loan Waiver Scheme-2019 (long term) के लिए बुधवार को 100 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट आवंटित (Additional Budget Of Rs 100 Crore) करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की. गहलोत के इस निर्णय से किसानों को दीर्घकालीन ऋण माफी योजना का लाभ मिल सकेगा. साथ ही किसानों की रहन रखी गई भूमि रहन (गिरवी) मुक्त होकर पुनः उनके नाम पर दर्ज हो सकेगी.
नर्मदा नहर परियोजना के लिए 183.90 करोड़
मुख्यमंत्री ने कर्जमाफी के लिए अतिरिक्त बजट के साथ ही बुधवार को नर्मदा नहर परियोजना को पूर्ण करने के लिए राज्यांश के रूप में 183.90 करोड़ सहित 247 करोड़ 45 लाख के अतिरिक्त प्रावधान को मंजूरी दी. सीएम की इस स्वीकृति के बाद त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम तथा सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन के तहत इस केंद्रीय सहायता के रूप में 147 करोड़ रुपए भी राजस्थान को प्राप्त होने का रास्ता साफ हो गया है.
फसल बर्बाद होने पर मुआवजा देगी सरकार
सीएम अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) ने बुधवार को टिड्डी से बर्बाद हुई फसलों का सर्वे करवाकर एनडीआरएफ (NDRF) के नियमों के तहत प्रभावित किसानों को मुआवज देने के निर्देश दिए हैं. सीएम अशोक गहलोत ने सीएमओ में टिड्डी नियंत्रण को लेकर कृषि और आपदा राहत के अफसरों की बैठक ली. बैठक में सीएम ने अफसरों से टिड्डी नियंत्रण और मौजूदा सिथति का फीडबैक लिया.
