इंतजामः गुरु रामदास के प्रकाश पर्व पर आने वाली संगत को उपलब्ध होंगी ये सभी सुविधाएं, देखिए

श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के लिए देश-विदेश से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गुरु नगरी के होटल मालिक 250 कमरों की मुफ्त सेवा करेंगे। श्री हरमंदिर साहिब के एक किलोमीटर के दायरे में स्थित यह होटल मालिक श्रद्धालुओं से होटल के कमरे का कोई भी पैसा नहीं वसूलेंगे, बल्कि उन्हें सुबह का नाश्ता व श्रद्धालु जितनी बार भी चाय-पानी मांगेगा उसके लिए भी कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा।
श्री गुरु राम दास जी के प्रकाश पर्व पर पहुंचने वाली संगत की सुविधा के लिए एसजीपीसी और होटल एसोसिएशन के बीच वीरवार को एक बैठक का आयोजन हुआ। श्री हरमंदिर साहिब के आसपास स्थित 200 से अधिक होटल व गेस्ट हाउस मालिकों ने इस बैठक में गुरु पर्व पर श्री दरबार साहिब पहुंचने वाली संगत के लिए अपने-अपने होटलों में कुछ कमरे फ्री देने का फैसला लिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरिंदर सिंह ने कहा कि होटल एसोसिएशन प्रति वर्ष एसजीपीसी के साथ गुरु पर्व पर सहयोग करती है।

श्री गुरु रामदास जी के गुरु पर्व पर प्रति वर्ष लाखों श्रद्धालु श्री हरमंदिर साहिब आते हैं। उनको रहने में कोई मुश्किल न हो इसलिए उनके लिए 250 कमरे आरक्षित कर दिए गए हैं। इन कमरों में रहने वाले श्रद्धालुओं से कोई भी पैसा नहीं लिया जाएगा। उन्हें सुबह का नाश्ता और चाय-पानी भी फ्री दिया जाएगा। श्री हरमंदिर साहिब के आसपास के होटल गुरुपर्व के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को रियायती दरों पर होटल के कमरे उपलब्ध करवाएगी। इस अवसर पर श्री दरबार साहिब के अतिरिक्त मैनेजर सुखबीर सिंह, होटल एसोसिएशन के सदस्य बबलू सचदेवा, बीर सिंह, मंजीत सिंह और हरिंदर सिंह मौजूद थे।

गुजरात के सीएम रुपानी ने किया नगर कीर्तन का स्वागत
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित गुरुद्वारा ननकाना साहिब से निकाले गए इंटरनेशनल नगर कीर्तन बुधवार रात गुजरात के अहमदाबाद शहर में पहुंचा। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने इस नगर कीर्तन का स्वागत किया। उनके साथ गुजरात अल्पसंख्यक कमीशन की अध्यक्ष बीबी परमजीत कौर भी थी।

एसजीपीसी ने विजे रुपानी और अन्य को सिरोपा बख्शीश कर सम्मानित किया। नगर कीर्तन के प्रबंधक एसजीपीसी के सचिव हरजीत सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस महान नगर कीर्तन में शामिल होकर खुद को भाग्यशाली समझ रहे हैं। नगर कीर्तन अहमदाबाद से राजस्थान के लिए रवाना हो गया।

राजस्थान के उदेपुर में पहुंचे नगर कीर्तन का संगत ने स्वागत किया। यहां धार्मिक दीवान सजाए गए। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष सुखदेव सिंह महार, राजिंदर सिंह, जोगा सिंह, भाजपा नेता गनीश भाई और सुरजीत सिंह मौजूद थे।

एसजीपीसी ने कविशरी मुकाबले करवाए
श्री गुरु रामदास जी के 15 अक्तूबर को आयोजित प्रकाश पर्व से पहले एसजीपीसी द्वारा गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हाल में स्कूली बच्चों के कविशरी मुकाबले करवाए गए। इस मुकाबले में 27 स्कूलों के बच्चों ने कविशरी कला के माध्यम से सिख इतिहास की पेशकारी की। इन मुकाबलों के दौरान विद्यार्थियों द्वारा की गई पेशकारी को जज करने के लिए प्रो. कुलराज सिंह वल्ला, प्रो. राजिंदर सिंह व प्रो. सुखविंदर सिंह ने सेवा निभाई।

एसजीपीसी के धर्म प्रचार कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह जोड़सिंघा ने बताया कि विद्यार्थियों को सिख इतिहास, सभ्याचार व सिख संस्कारों के साथ जोड़ने के लिए इन मुकाबलों का आयोजन किया जाता है। इन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गुरुपर्व के अवसर पर एसजीपीसी के अध्यक्ष भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल सम्मानित करेंगे।

 

Leave a Reply