शासकीय कर्मियों को योगी सरकार की सौगात, दीवाली से पहले मिलेगा वेतन और पेंशन

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को योगी आदित्यनाथ सरकार इस दीवाली पर बड़ी सौगात देने जा रही है। सभी सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनरों को यूपी सरकार अक्टूबर का वेतन और पेंशन अग्रिम में देगी। यह भुगतान 1 नवंबर की जगह दीपावली से 2 दिन पहले यानी 25 अक्टूबर को ही कर दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से 27 लाख से ज्यादा कर्मचारियों और पेंशनरों को फायदा होगा। बता दें कि इससे पहले यूपी सरकार ने 14 लाख से अधिक गैर राजपत्रित कर्मचारियों को दिवाली से पहले बोनस देने की भी बात कही है। बोनस का 75 फीसदी भुगतान जीपीएफ में और 25 प्रतिशत राशि नगद दिया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक 1 माह के लिए अधिकतम 7 हजार रुपये का बोनस दिया जाएगा। इस बार देश में दिवाली 27 अक्टूबर को मनाई जाएगी। दिवाली के मौके पर भारत में लोग बड़े पैमाने पर खरीदारी करते हैं। इलेक्ट्रानिक्स, बर्तन, गहने खरीदने की परंपरा की वजह से लोगों को नकदी की जरूरत होती है। लोगों की इसी जरूरतों का ध्यान रखते हुए सरकार ने कर्मचारियों की तनख्वाह समय से पहले देने का फैसला किया है।
