जयपुर में दिल्ली जैसे हालात, CM गहलोत ने बताया- स्वास्थ्य आपातकाल

जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) ने दिल्ली और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों में प्रदूषण (Air Pollution) के बढ़ते स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए केन्द्र सरकार से इसका समाधान निकालने के लिए नेतृत्वकारी भूमिका निभाने को कहा. गहलोत ने रविवार को ट्वीट के जरिये कहा कि दिल्ली (Delhi) और राजस्थान (Rajasthan) सहित पड़ोसी राज्यों में प्रदूषण का बढ़ता स्तर गंभीर चिंता का विषय है. लोग लंबे समय से पीड़ित हैं खासकर बच्चे और बुजुर्ग. यह एक स्वास्थ्य आपातकाल (Public Health Emergency) है, जिसे दिल्ली सरकार अकेले नहीं सुलझा सकती. केन्द्र सरकार को इसके समाधान का नेतृत्व करना होगा. उल्लेखनीय है कि दिल्ली के बाद अब राजस्थान के कई हिस्सों में प्रदूषण का प्रभाव बढ़ता जा रहा है और आकाश में बादलों के साथ साथ धुंध और धुआं नजर आ रहा है.
दिल्ली में गैस चेंबर जैसे हालात, चिंता का विषय, समाधान जरूरी
सीएम ने कहा है कि दिल्ली गैस चेंबर की तरह बन गई है इसे लेकर पूरा देश चिंतित है. जिस प्रकार से प्रदूषण फ़ैल रहा है, लोग बीमार पड़ रहे हैं…वह प्रदूषण राजस्थान की तरफ भी आ रहा है यह हम सभी के लिए चिंता का विषय होना चाहिए. इसे टॉप प्रायोरिटी पर लेते हुए इस समस्या का स्थायी रूप समाधान होना आवश्यक है.
