सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौत, जानवर को बचाने में ट्रक से टकराई कार

झुंझुनूं. राजस्थान के झुंझुनूं (Jhunjhunu) में चिड़ावा के समीप लाल चौक पर बीती रात हुए दर्दनाक हादसे (Road Accident) में 4 युवकों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक किसी रिश्तेदार को छोड़कर चार युवक चिड़ावा लौट रहे थे. इसी दौरान लाल चौक के समीप एक जानवर को बचाने के चक्कर में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर एक ट्रक (Car collided with Truck) से टकरा गई. चारों युवकों को घायल अवस्था में चिड़ावा के सरकारी अस्पताल Government Hospital) लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने पूर्व चेयरमैन स्व. ओमप्रकाश सैनी के पौत्र पंकज सैनी और चेतन सैनी को मृत घोषित कर दिया. वहीं प्रदीप और भानुप्रताप को झुंझुनूं रेफर किया गया.
झुंझुनूं ले जाए जाने के क्रम में 2 की मौत
झुंझुनूं ले जाए जाने के क्रम में इनमें से एक युवक ने रास्ते में और दूसरे ने बीडीके अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया. ऐसे में 2 शवों को चिड़ावा अस्पताल और 2 शवों को बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा.
घटना की सूचना मिलने पर चिड़ावा एसडीएम जेपी गौड़, चिड़ावा डीएसपी आरपी शर्मा और तहसीलदार ज्वालासहाय मीणा आदि मौके पर पहुंचे. इधर, अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई. बताया जा रहा है कि पूर्व चेयरमैन स्व. सैनी के परिवार में आज शादी भी है. इसे लेकर परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन एक साथ चार मौत हो जाने से न केवल सैनी के परिवार बल्कि पूरे कस्बे में शोक की लहर है.

Leave a Reply