अमरिंदर सिंह बोले- नापाक मंसूबों का पर्दाफाश, सिद्धू से अपील, इमरान से मिलते वक्त सावधानी बरतें

सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान के रेल मंत्री ने करतारपुर कॉरिडोर खोलने के पीछे वहां के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा का दिमाग होने का खुलासा किया है। जिससे इस कदम के पीछे पाक के नापाक मंसूबों का पर्दाफाश हो गया है।
इस खुलासे पर गंभीर चिंता जताते हुए कैप्टन ने कहा कि इसने उनके स्टैंड की पुष्टि कर दी है। साथ ही पाक के इरादों को पूरी तरह नंगा कर दिया है। जबकि, भारत को उम्मीद थी कि यह दोनों देशों के बीच शांति के सेतु के तौर पर उभरेगा।
उन्होंने रेल मंत्री राशिद की टिप्पणी का भी कड़ा नोटिस लिया कि यह गलियारा भारत को ठेस पहुंचाएगा। जनरल बाजवा द्वारा दिया जख्म उसे हमेशा चुभता रहेगा। सीएम ने इसे भारत की सुरक्षा और अखंडता के खिलाफ खुलेआम और स्पष्ट खतरा बताया। साथ ही चेतावनी दी कि पड़ोसी देश किसी तरह की गलतफहमी पैदा करने की कोशिश न करे। गलियारा खोलने पर हमारी तरफ से दिए धन्यवाद को कमजोरी समझने की भूल न करो।
पाक द्वारा सरहद और लोगों पर हमला करने की किसी भी कोशिश का भारत मुंहतोड़ जवाब देगा। भारत किसी भी कीमत पर पाक की घातक कोशिशों को पूरा नहीं होने देगा। पाक के किसी भी यत्न का ऐसा बदला लिया जाएगा कि वे बच नहीं सकेंगे। कैप्टन ने कहा कि एक सिख होने के नाते वह हमेशा यही कहते आए हैं कि गलियारा खुलने से उनको बेहद खुशी हुई है। जिससे भारतीय श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकते हैं।
साथ ही इससे हमारे देश को पेश खतरे को भी नजरंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस मसले पर बार-बार सावधानी बरतने पर जोर दिया है। सीएम ने चेतावनी दी कि इस गलियारे के जरिये पाक सिखों का दिल जीतने की कोशिश कर रहा है। जिससे आईएसआई द्वारा शह प्राप्त रेफरेंडम 2020 के एजेंडे को आगे बढ़ाया जा सके।
विभिन्न तथ्यों से स्पष्ट हो चुका है कि बाजवा ने इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में नवजोत सिद्धू से गलियारे संबंधी फैसले का खुलासा किया था। इमरान ने तो तब पदभार भी नहीं संभाला था, फिर भी बाजवा ने सिद्धू से इस बारे में बात की। अब यह कैसे संभव है कि गलियारे के पीछे बाजवा नहीं था। सीएम ने सिद्धू से भी अपील की इमरान खान से मिलते समय सावधानी बरतें। पाक पीएम के साथ अपनी निजी दोस्ती का अपने फैसले पर असर न पड़ने दें, क्योंकि यह भारत के हितों के लिए घातक साबित हो सकता है।
