बैंक में चोरी करने घुसे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक गिरफ्तार, दो फरार…

बाराबंकी. जनपद के बैंक में देर रात बदमाशों ने एक बैंक की छत काटकर चोरी का प्रयास किया लेकिन उनकी पुलिस (Barabanki police) से मुठभेड़ (encounter) हो गई. एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया जबकि उसके दो साथी फरार हो गए. घायल बदमाश को जिला अस्पताल (district hospital) में भर्ती कराया गया है जबकि उसके साथियों की तलाश जारी है.
गैस कटर से बैंक की छत काटी
मामला बाराबंकी जनपद के थाना रामनगर कस्बे के आर्यावर्त ग्रामीण बैंक (Aryavart Gramin Bank of Ramnagar) का बताया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक इस बैंक पर इन शातिर चोरों की नज़र पड़ गई और उन्होंने इसमें चोरी की योजना बना डाली. बैंक में इस वारदात को अंजाम देने के लिए इन बदमाशों ने रात के अंधेरे का वक्त चुना. देर रात इन शातिर बदमाशों ने बैंक की छत गैस कटर के माध्यम से काट दी. लेकिन ये वारदात को अंजाम दे पाते इससे पहले पुलिस पहुंच गई और मुठभेड़ शुरू हो गई.
घटना की जानकारी देते हुए बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक आरएस गौतम ने बताया कि रात के समय जब पुलिस के जवान पेट्रोलिंग पर थे तो उन्हें रामनगर के आर्यावर्त ग्रामीण बैंक से कुछ आवाजें सुनाई दीं शक होने पर जवानों ने थाने को सूचना दी जिसके बाद रामनगर थाने की फ़ोर्स फौरन मौके पर पहुंच गई. छानबीन में बैंक की छत कटी मिलने पर पुलिस ने भी उसी रास्ते बैंक के प्रवेश किया. पुलिस को देखते ही इन बदमाशों ने फायर झोंक दिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई. जबकि बदमाशों के दो साथी फरार होने में कामयाब हो गए. पकड़े गए बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उससे पूछताछ जारी है. पुलिस की सूझबूझ व तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई. पकड़े गए आरोपी का नाम राजेंद्र प्रसाद बताया जा रहा है.
