अनाज मंडी इलाके में भीषण आग, 35 लोगों की मौत, 50 को बचाया गया
दिल्ली में रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी स्थित एक फैक्ट्री में रविवार सुबह आग लगने से 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 50 लोगों को बचाया जा चुका है।दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी सुबह पांच बजकर 22 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल की 30 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि आवासीय इलाके में चलाई जा रही फैक्ट्री में आग लगने के समय 50 से अधिक लोग थे। पुलिस ने बताया कि हादसे में 35 लोग मारे गए हैं।
दमकल के अधिकारियों ने बताया कि आग के कारण फंसे कई लोगों को बाहर निकालकर आरएमएल अस्पताल एवं हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया है।
सीएम केजरीवाल ने क्या कहा
घटना के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि यह बेहद दुखद खबर है। बचाव अभियान चल रहा है। अग्निशमन विभाग अपना काम कर रहा है। सभी घायलों को अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।
बिल्डिंग में होता है पैकेजिंग का काम
बता दें कि आग बिल्डिंग की छठी मंजिल पर लगी थी, जिसके कारण लोग नीचे नहीं उतर पाए। बिल्डिंग में जो जिस जगह पर था, वो वहीं फंसा रह गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि इस बिल्डिंग में पैकिंग का काम किया जाता था। बिल्डिंग के अंदर संकरी जगह होने के कारण लोगों को भागने में ज्यादा दिक्कत हुई। इस वजह से करीब 50 प्रतिशत लोग आग की चपेट में आ गाए।
लोक नायक अस्पताल में हुई 14 लोगों की मौत
वहीं लोक नायक अस्पताल के अधीक्षक ने बताया है कि लोक नायक अस्पताल में 14 लोगों की मौत हुई है। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी अतुल गर्ग ने बताया कि अबतक 50 लोगों को बचाया जा चुका है, जिनमें से अधिकतर आग और धुएं के कारण घायल हो गए हैं।
मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के अधिकारी
उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील चौधरी ने बताया था कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। अबतक घटनास्थल से कई लोगों को बचाया जा चुका है और बचाव कार्य अब भी जारी है।
