सही समय पर अपने करियर पर निर्णय लेंगे धोनी : प्रसाद
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने कहा कि भारतीय क्रिकेट में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अवदान को किसी भी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सही समय पर अपने करियर का फैसला लेंगे। उन्होंने कहा धोनी ने अब तक संन्यास के बारे में कुछ नहीं कहा है। सही समय आने पर वह निर्णय लेंगे।
प्रसाद ने कहा अपने सुदीर्घ करियर में उन्होंने वह सब कुछ हासिल किया है, जिसका खिलाड़ी सपना देखते हैं-दो वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी, टेस्ट में नंबर 1 टीम का स्टेटस। उनके हिस्से में बड़ी उपलब्धियां हैं। माही ने अब तक संन्यास की योजना नहीं बनाई है। सभी विकल्प पूरी तरह खुले हैं और अंतत: माही को ही फैसला करना है। उनके अवदान और टीम में उनकी उपयोगिता पर फिलहाल कोई उंगली नहीं उठा सकता।
उल्लेखनीय है कि एमएस धोनी ने जनवरी तक क्रिकेट के बारे में कोई सवाल नहीं करने को कहा है। एमएसके प्रसाद ने कहा खिलाड़ियों की नई पौध के बारे में फैसला लेना और उनकी पहचान करना चयनकर्ताओं का काम है। उन्होंने रोहित शर्मा के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने खुद को सभी फॉर्मेट के खिलाड़ी के रूप में बड़े बदलाव किए हैं। प्रसाद बोले, हम सब जानते हैं कि सफेद गेंद के क्रिकेट में उनके पास अविश्वसनीय प्रतिभा है।
पिछले 4 या 5 महीनों के दौरान टेस्ट में ओपनर के रूप में उन्होंने अपनी प्रतिभा भी साबित की है। मैं दुआ करता हूं कि उनकी विदेशी सीरीज अच्छी हो इससे उनका माइंडसेट पूरी तरह बदल जाएगा। जसप्रीत बुमराह, इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी की टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजी के बारे में प्रसाद ने कहा कि ये लोग 70 और 80 के दशक की विंडीज गेंदबाजी से बेहतर हैं। उन्होंने इनकी कामयाबी का श्रेय चयनकर्ताओं के वर्कलोड मैनेजमेंट को दिया। उन्होंने करुण नायर के बारे में कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ 2016 में तिहरा शतक लगाने के बाद नायर ने मौके गंवा दिए। इस सीजन में भी वह नाकाम रहा है, लेकिन उम्मीद है कि वह मजबूती से वापस आएगा।
