ढाई लाख रू. मूल्य की 22 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ इन्दौर में एक युवक गिरफ्तार 

इन्दौर । मुख्यमंत्री द्वारा 'ड्रग माफ‍िया' पर कार्यवाही के निर्देश मिलने के बाद इन्दौर पुलिस ने ढाई लाख रू. की ब्राउन शुगर के साथ एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि युवक स्वयं भी ड्रग्स लेता है और चंदन नगर क्षेत्र में सप्लाय करने का काम भी करता है। 
पुलिस के सक्रिय 'मुखबिर तंत्र' ने अचानक इन्दौर की क्राईम ब्रांच को सूचित किया कि एक युवक चंदन नगर क्षेत्र में ब्राउन शुगर सप्ताय कर युवाओं को नशे का आदी बना रहा है। इस सूचना पर क्राईम ब्रांच पुलिस तत्काल हरकत में आई और चंदन नगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुये आरोपी फरीद उर्फ भय्यू पिता रफीक को धार रोड़ पर नावदा पंथ पुल के नीचे से धरदबोचा और उसके कब्जे से करीब 22 ग्राम ब्राउन शुगर जप्त की गई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में जप्त माल की कीमत 2.50 लाख रू. बताई जा रही है। 
आरोपी फरीद उर्फ भय्यू पिता रफी, चंदन नगर के ई-सेक्टर का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह स्क्रेप (भंगार) का काम करता है। वह खुद ब्राउन शुगर पीने का आदी है और स्वयं के पीने के लिए फूटी कोठी के पास से ब्राउन शुगर खरीद कर लाता था और ब्राउन शुगर पीता था। नशा करने के दौरान ही दूसरे लोगों से जान पहचान बढ़ी और वह उन लोगों के लिए भी ब्राउन शुगर लाकर देने लगा और इस तरह वह ब्राउन शुगर बेंचने के अवैध गतिव‍िध‍ि में संल‍िप्त हो गया। आरोपी सस्ते दामों में ब्राउन शुगर खरीद कर लाता और दोस्तों को 500 रुपये प्रति पुड़‍िया के हिसाब से बेंचने लगा और मुनाफा कमाने लगा। आरोपी पिछले 2 साल से ब्राउन शुगर पी रहा है और अपने जेब खर्च के लिये ब्राउन शुगर बेंचने का काम भी कर रहा है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को थाना चंदन नगर के सुपुर्द कर दिया है। थाना चदंन नगर में आरोपी फरीद उर्फ भय्यू पिता रफीक के विरूद्ध मंगलवार को धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी फरीद के विरूद्ध थाना चंदननगर में पूर्व से 10-12 अपराध पंजीबद्ध है, जो मारपीट, गाली-गलोज, चोरी व अवैध शराब बिक्री से संबंधित है। आरोपी फरीद से शहर में बिक रहे मादक पदार्थ के संबंध मे पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply