राजाभोज एयरपोर्ट में घुसे सिरफिरे युवक ने खड़े किए कई सवाल
भोपाल । सुरक्षा में सेंध लगाकर राजधानी के राजाभोज एयरपोर्ट में घुसे सिरफिरे युवक ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं…इस घटना ने यह तो पोल खोलकर रख ही दी है कि राजधानी फिलहाल सुरक्षित नहीं है….क्योंकि इन घटनाओं को देखा जाए, तो न ही एयरपोर्ट सुरक्षित है, न ही पुलिस मुख्यालय, न ही भोपाल कोर्ट, न ही सेंट्रल जेल, न ही रेलवे स्टेशन और न ही शहर की दूसरी सरकारी और महत्वपूर्ण इमारतें। हालांकि सुरक्षा के दावे तमाम किए जाते हैं, लेकिन सच्चाई इसके उलट है। भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर हुई सेंधमारी की घटना के बाद वहां की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए थे। आरोपी युवक आसानी से स्टेट हैंगर से एयरपोर्ट में दाखिल हुआ था। एयरपोर्ट की बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस की थी लेकिन पुलिस ने अपनी ज़िम्मेदारी ठीक तरीके से नहीं निभाई। एयरपोर्ट के अलावा खुद पुलिस मुख्यालय और भोपाल कोर्ट में भी ऐसी ही सेंधमारी की घटनाएं हो चुकी हैं।
रेलवे स्टेशन असुरक्षित
राजधानी के भोपाल और हबीबगंज रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था भी भगवान भरोसे है। यहां भी मेन गेट से लेकर उसके आसपास तक, कहीं भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं है। यहां मेन गेट पर कोई भी पुलिसकर्मी तैनात नहीं है। पार्किंग में वसूली के लिए व्यवस्था ज़रूर है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर कोई व्यवस्था नहीं है। कहने को जीआरपी और आरपीएफ जवान तैनात रहते हैं। लेकिन जब हजारों यात्री ट्रेन से निकलते हैं, तो सुरक्षा में एक भी जवान तैनात नहीं नजर आता है।
पेट्रोलिंग से रखी जाती है नजर
पुलिस अफसरों का कहना है कि चिन्हित स्थानों पर पुलिस की टीमें जाती हैं। संदिग्ध लोगों की तलाश कर उनसे पूछताछ की जाती है और कई बार कार्रवाई भी होती है। स्थानीय स्तर पर पेट्रोलिंग की व्यवस्था भी है। सुरक्षा के लिहाज से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के साथ चिन्हित भवनों के आसपास नियमित चेकिंग की व्यवस्था है।
हाईटेक तरीके से होनी चाहिए महत्वपूर्ण भवनों की सुरक्षा
रिटायर्ड डीजीपी आरएलएस यादव का कहना है कि फोर्स की कमी की वजह से पुलिस हर जगह पहुंचे, ऐसा संभव नहीं हो पाता। ऐसे में पुलिस को हाईटेक तरीके से सुरक्षा पर नजर रखनी होगी। ज्यादा से ज्यादा सीसीटीवी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का इस्तेमाल करना होगा। सभी महत्वपूर्ण भवनों और पब्लिक प्लेस की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी पुलिस पर ही होती है।
इन पांच मामलों से उठ रहे सवाल
घटना नंबर-1 : एयरपोर्ट में सेंधमारी कर युवक ने जमकर उत्पात मचाया. सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई।
घटना नंबर-2: पुलिस मुख्यालय की छत पर कुछ लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए सोलर पैनल में तोडफ़ोड़ की। जहांगीराबाद पुलिस ने केस दर्ज किया था।
केस नंबर-3: भोपाल कोर्ट में पेशी पर आए युवक पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने चाकू से हमला किया था। कोर्ट के लॉकअप में भी कैदी कई बार कैदी आपस में भिड़ चुके हैं।
घटना नंबर-4: भोपाल सेंट्रल जेल परिसर में मुलाकात के लिए आए युवक पर बदमाशों ने चाकू से हमला किया। इस हमले में युवक की मौत हो गई थी।
घटना नंबर-5 : भोपाल रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं है. एक युवक रेलवे स्टेशन में ओएचई लाइन पर खुद लटक गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
