युवा विकास कार्यों में निभायें सकारात्मक भागीदारी 

इन्दौर । युवाओं को कानून का पालन करते हुये अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज और देश के विकास के कार्यों में लगाना चाहिये. संगठित होकर वे असम्भव कार्य को भी आसानी से कर सकते हैं. ग्रामीण क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाओं के बारे पूरी जानकारी प्राप्त कर उनके क्रियांवयन में भी सक्रिय भागीदारी निभायें ताकि शहरों की ओर पलायन नहीं होगा. ये विचार आज नेहरू युवा केंद्र द्वारा क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो के सहयोग से सांवेर तहसील मुख्यालय पर आयोजित पास पड़ोस युवा संसद और खेल सामग्री 
वितरण समारोह में मुख्य वक्ता सहायक निदेशक मधुकर पवार ने व्यक्त किये.
पवार ने कहा कि युवा अपने अपने गांवों की स्वच्छता के बाद अब सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने पर भी कार्य करें. पवार ने बताया कि अनेक पंचायतों ने बर्तन बैंक बनाकर इस दिशा में पहल शुरू कर दी है. युवा अपने अपने गावों में खेल सुविधाओं के क्षेत्र में भी सकारात्मक पहल कर सकते हैं. इससे ग्रामीण प्रतिभा को स्थानीय स्तर पर ही निखरने का मौका मिल सकता है. इस अवसर पर अल्प संख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री संदीप शर्मा ने युवाओं का आह्वान किया कि वे शासकीय योजनाओं के प्रचार प्रचार के साथ योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता से करें. नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा समंवयक श्रीमती तारा पारगी ने नेहरू युवा केंद्र की गतिविधियों की जानकरी देते हुये इससे जुड़कर कार्य करने की अपील की. पुलिस विभाग की सहायक निरीक्षक सुश्री सपना डोडिया ने युवाओं से आग्रह किया कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और जब भी मोटर सायकिल से बाहर जायें तो हेलमेट जरूर लगायें. कार्यक्रम के दौरान प्रश्नमंच का भी आयोजन किया गया तथा सही जवाब देने वालों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किये. अतिथियों ने युवा मंडल को खेल सामग्री भी प्रदान की. कार्यक्रम में सांवेर थाना के पंकेश सिंह सहित स्थानीय युवा मंडल के युवक युवतियां मौजूद थीं. कार्यक्रम का संचालन लेखापाल विजय यादव ने किया. राधिका तंवर ने आभार माना.

Leave a Reply