छत्तीसगढ़ में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए चार नक्सली
रायपुर । छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पुलिस और नक्सलियों के बीच शुक्रवार की देर रात मुठभेड़ हुई। राजनांदगांव के पारधोनी गांव में एनकाउंटर के दौरान पुलिस ने चार आतंकियों को मार गिराया। हालांकि, इसमें एक जवान ने अपनी जान गंवा दी है।
राजनांदगांव के सहायक पुलिस अधीक्षक जीएन बघेल ने कहा कि चार नक्सलियों के शव और 1 एके ‑47 राइफल, 1 एसएलआर हथियार और दो .315 बोर राइफल बरामद किए गए हैं। नक्सलियों से यह मुठभेड़ मानपुर पुलिस थाना सीमा के तहत पारधोनी गांव के पास हुई।
गौरतलब है कि 12 जुलाई 2009 को इसी क्षेत्र में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में पुलिस अधीक्षक वीके चौबे सहित 29 पुलिस कर्मी मारे गए थे। इस क्षेत्र में लगातार नक्सलियों का प्रभाव बना हुआ है और यहां स्थिति ऐसी कर दी है कि बाहर का कोई आदमी इस क्षेत्र में बिना उनकी इच्छा के आ‑जा नहीं सकता है। इनके कारण से इस क्षेत्र का विकास करने में भी सरकार को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां लगातार बर्षों तक रही रमन भाजपा सरकार भी इसी कारण से यहां आवश्यक विकास नहीं कर पाई और यही स्थिति अभी भूपेश कांग्रेस सरकार की यहां देखने को मिल रही है।
