आम बजट में किया 30 करोड़ रुपयों का प्रावधान

भोपाल। अब तक पुलिस कर्मियों की भर्ती व्यावसायिक परीक्षा मंडल और कर्मचारी चयन आयोग जैसे माध्यमों से की जाती थी, किंतु अब सभी पुलिस कर्मियों की भर्ती राज्य के गृह विभाग द्वारा की जाएगी। ये बदलाव इस वर्ष के आम बजट से किए जा रहे हैं ।इसके लिए लगभग ₹30करोड़ का प्रावधान वर्ष 2020- 2021 के  बजट में किया जा रहा है।
 निचले स्तर के पुलिसकर्मियों के पदों की भर्ती अब राज्य का गृह विभाग स्वयं करेगा। इसके लिये उसने अपने आम बजट में 29 करोड़ 50 लाख रुपयों का प्रावधान किया है।यह बजट प्रावधान नवीन मद के रुप में है जिसमें कहा गया है कि गृह विभाग के अंतर्गत रिक्त पदों की भर्ती के लिये विभाग के माध्यम से स्वयं परीक्षा आयोजित किये जाने हेतु नवीन भर्ती प्रक्रिया पर राशि व्यय की जायेगी।

ये भी किये नये बजट प्रावधान : गृह विभाग के अंतर्गत अन्य कई नवीन प्रावधान आम बजट में किये गये हैं। भारत सरकार द्वारा संचालित योजना के तहत महिलाओं को कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं सहायता प्रदान करने के लिये केंद्र से 7 करोड़ रुपये मिलने की संभावना है जिसके लिये आम बजट में अभी से इसके लिये 7 करोड़ रुपयों का नवीन मद के अंतर्गत प्रावधान कर दिया गया है।
साथ ही भारत सरकार द्वारा संचालित योजना जिसके द्वारा विशेष रुप से महिलाओं एवं बच्चों की तस्करी, शारीरिक शोषण, वैश्यावृत्ति, बलात विवाह, बलात श्रम, नशीले पदार्थ से रोकथाम, घरेलू हिंसा से 365 दिन सुरक्षा प्रदान करना है, के लिये भी केंद्र से 6 करोड़ 93 लाख रुपये मिलने की संभावना है तथा इसके लिये गृह विभाग ने अपने बजट में नवीन मद के अंतर्गत इतनी ही राशि का प्रावधान किया है।
एक अन्य प्रावधान में जनगणना 2021 तथा राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के कार्यों हेतु भारत सरकार से प्राप्त होने वाली राशि के उपयोग हेतु जनगणना 2021 नाम से नवीन योजना खोली जाना प्रस्तावित है जिसके लिये राज्य के गृह विभाग ने अपने आम बजट में 29 करोड़ 31 लाख 10 हजार रुपयों का इस साल प्रावधान किया है।

Leave a Reply