केवल कोविड-19 के कारण हार रहे हैं हम : जदयू नेता केसी त्यागी 

पटना । बिहार विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ नीतीश सरकार को प्रारंभिक रुझानों में नुकसान को लेकर जदयू नेता केसी त्यागी ने असहमति जताई है। अब तक आए रुझानों में नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव लड़ रही एनडीए और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में मैदान में उतरे महागठबंधन के बीच कांटे का मुकाबला चल रहा है। केसी त्यागी इन रुझानों से निराश दिख रहे हैं। त्यागी ने साफ कहा कि हम (एनडीए) केवल कोविड-19 के कारण हार रहे हैं।
केसी त्यागी ने कहा, 'एक साल पहले राजद लोकसभा चुनावों में एक सीट नहीं जीत पाई थी। लोकसभा के नतीजों के हिसाब से देखें तो जदयू और उसके गठबंधन दलों को 200 से अधिक सीटें जीतनी थी। इस एक साल में ब्रांड नीतीश न तो जरा भी फीका पड़ा है और न ब्रांड राजद में कोई चमक आई है। हम इस बार बस कोरोनावायस के दुष्परिणामों के कारण हार रहे हैं।' त्‍यागी ने कहा कि इस बार अगर हमारी हार हो रही है तो वह प्राकृतिक आपदा के चलते हो रही है। इस बार के चुनाव में न तो ब्रांड नीतीश कहीं गायब हुआ है और न ही तेजस्वी यादव कोई बड़ा चेहरा बनकर उभरे हैं। केसी त्यागी ने कहा, हम जनता के फैसले का स्वागत करते हैं। अगर कोई भी पार्टी ये सोच रही है कि हम उनसे हार रहे हैं तो ऐसा नहीं है हम राष्ट्रीय आपदा से हार रहे हैं। उन्होंने कहा देश में फैली कोरोना महामारी के कारण पीछे चल रहे हैं।
 

Leave a Reply