रिलायन्स कैपिटल ने एचडीएफसी और एक्सिस बैंक को नहीं किया ब्याज का भुगतान

नई दिल्ली । कर्ज के भारी बोझ से दबे उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें अगले दिनों में और बढ़ सकती हैं। उनकी कंपनी रिलायंस कैपिटल ने हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन (एचडीएफसी) और एक्सिस बैंक को ब्याज के भुगतान में डिफॉल्ट किया है। इन बैंकों का रिलायंस कैपिटल पर 690 करोड़ रुपए बकाया है। इसमें 31 अक्टूबर तक का ब्याज भी शामिल है। कंपनी ने एक्सचेंजों को बताया कि वह 31 अक्टूबर को एचडीएफसी को 4.77 करोड़ रुपए और एक्सिस बैंक को 0.71 करोड़ रुपए के ब्याज का भुगतान करने में नाकाम रही है। कंपनी का कहना है कि कई कानूनी उलझनों की वजह से वह अपनी परिसंपत्तियों को बेचने में नाकाम रही है। इस कारण वह इन बैंकों को ब्याज का भुगतान नहीं कर पाई। 31 अक्टूबर तक रिलायंस कैपिटल पर कुल 20077 करोड़ रुपए का बकाया है, जिसमें ब्याज भी शामिल है। रिलायंस कैपिटल ने एचडीएफसी से 524 करोड़ रुपये का टर्म लोन 10.6 से 13 फीसदी के ब्याज पर लिया था। साथ ही कंपनी ने एक्सिस बैंक से 100.63 करोड़ रुपए का टर्म लोन लिया था। इसकी ब्याज दर 8.25 फीसदी थी।
