फरार हीरा व्यापारी के खिलाफ एक और युवती ने दर्ज करवाई दुष्कर्म की रपट

सूरत | शहर के वराछा क्षेत्र के डायमंड वर्ल्ड के हीरा व्यापारी वसंत पटेल के खिलाफ एक और युवती ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवाई है| कुछ दिन पहले 22 वर्षीय एक युवती द्वारा शिकायत दर्ज करवाने के बाद से वसंत पटेल फरार है| इस मामले पुलिस वसंत पटेल की तलाश कर रही है और अब उसके खिलाफ दुष्कर्म का एक और मामला सामने आ गया है| जानकारी के मुताबिक 1 नवंबर को एक युवती को नौकरी के लिए वसंत पटेल ने सूरत के वराछा क्षेत्र के डायमंड वर्ल्ड स्थित अपनी ऑफीस में बुलाया था| जहां शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया था| युवती के सुध बुध खोने के बाद वसंत पटेल ने युवती के साथ दुष्कर्म किया था| यौन शोषण की शिकार युवती द्वारा मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद वसंत पटेल फरार हो गया था| इस मामले में पुलिस वसंत पटेल की तलाश कर रही है और अब उसके खिलाफ एक युवती ने दुष्कर्म की शिकायत की है| सूरत के वेड रोड क्षेत्र में रहनेवाली 24 वर्षीय युवती करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हीरा व्यापारी वसंत पटेल के संपर्क में आई थी| जिसके बाद वसंत पटेल और युवती के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होने लगी| वसंत पटेल ने युवती से कहा कि उसका परिवार आफ्रीका में रहता है, इसलिए वह उसके साथ मैत्री करार से रहना चाहता है| लेकिन युवती ने वसंत पटेल के साथ रहने से इंकार कर दिया| बाद में वसंत पटेल ने युवती को अपनी ऑफीस में बुलाया और फिर एक बार मैत्री करार से रहने की उससे बात की| इस बार भी युवती के इंकार करने पर वसंत पटेल ने उसके साथ दुष्कर्म किया| जिसके बाद वसंत पटेल जब चाहे तब युवती को ऑफीस में बुलाता और उसके साथ रेप करता| एक बार वसंत पटेल युवती को मुंबई घुमाने ले गया, जहां एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया| बार बार दुष्कर्म से युवती गर्भवती हो गई| वसंत पटेल को जब इसका पता चला तो उसने कोई दवाई देकर युवती का गर्भपात करवा दिया| बाद में युवती को धमकी दी कि अब कभी उससे संपर्क करने या मिलने का प्रयास मत करना, वर्ना सोशल मीडिया पर दुष्कर्म का वीडियो वायरल कर देगा| करीब डेढ़ साल तक यौन शोषण का शिकार हुई युवती ने आखिरकार वसंत पटेल और उसके ड्राइवर जयेश के खिलाफ दुष्कर्म की रपट दर्ज करवा दी| वसंत पटेल के खिलाफ पहली शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसकी ऑफीस में काम करने वाले अंकित और हीरा व्यापारी योगेश घनश्याम साकरिया को गिरफ्तार किया था| दोनों ने घटना की गवाही देने वाले सीसीटीवी फूटेज नष्ट कर दिए थे| मुख्य आरोपी वसंत पटेल और उसका ड्राइवर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है|
