कई दिनों से आतंक मचा रहा आदमखोर तेंदुआ आखिरकार पिंजरे में हुआ कैद

पंचमहल | घोघंबा तहसील में कई दिनों से आतंक मचाने वाले आदमखोर तेंदुए को पकड़ने में वन विभाग को सफलता मिली है| बीती रात घोघंबा के गोयासुंडल गाव में रखे गए पिंजरे में तेंदुआ आखिर कैद हो गया| 13 दिन बाद तेंदुए के पकड़े जाने से वन विभाग समेत स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है| इससे पहले दो दफा तेंदुआ वन विभाग को चकमा दे चुका है| पिंजरे में दो बार तेंदुए के लिए शिकार रखा गया है, लेकिन दोनों ही बार तेंदुआ दावत कर फरार हो गया| लेकिन तीसरी बार शिकार के चक्कर में पिंजरे में घुसा तेंदुआ कैद हो गया| 12 दिनों से स्थानीय वन विभाग और मांडवी से आई एक्सपर्ट की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए दिन रात एक कर रही थीं| लेकिन तेंदुआ चकमा देकर फरार हो जाता था| पिछले तीन महीने से तेंदुआ घोघंबा तहसील के कांटवेडा, गोयासुंडल, वाव कुंडली, सीमलिया और धरमखेत समेत आसपास के गांवों में आतंक मचा रहा था| आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग के 50 कर्मचारी लगे हुए थे| साथ ही 10 से ज्यादा पिंजरे, ट्रेपिंग कैमरे और एक्सपर्ट की टीम कार्यरत थे| कई दिनों की मशक्कत के बाद वन विभाग को आखिर तेंदुए को पकड़ने में सफलता मिली है| पकड़े गए तेंदुए को फिलहाल पावागढ़ के धोबाकुंआ में रखा जाएगा|

Leave a Reply