गुरुग्राम: प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, कार में मिला शव

गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम जिले में कार सवार प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या (property dealer shot dead) कर दी गई. मानेसर निवासी 40 वर्षीय रविंद्र कुमार का शव उनकी कार में गांव गाडौली के नजदीक मिला. गुरुवार सुबह राहगीर ने पुलिस (Police) को सूचना दी. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को शक है कि रास्ता पूछने के बहाने किसी ने कार रुकवाई और लूटपाट के इरादे से हत्या कर दी.

मृतक के परिजनों की शिकायत पर सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. आसपास कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पता किया जा रहा है कि कहीं किसी के साथ लेन-देन को लेकर विवाद तो नहीं था. परिवार के लोगों का किसी के साथ विवाद तो नहीं था. यही नहीं उनके कार्यालय में आने-जाने लोगों से भी पूछताछ की जाएगी.

5-6 दोस्तों ने साथ शराब पी

पुलिस के अनुसार, रविंद्र यादव मानेसर गांव में रहते थे. कई साल तक उन्होंने गुड़गांव के सेक्टर-12 में कार सेल-परचेज का कारोबार किया. अब वह खेड़कीदौला थाना एरिया में बतौर प्रॉपर्टी डीलर काम करते थे. ऑफिस में रोज की तरह बुधवार शाम को भी 5-6 दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी. इसके बाद करीब 9 बजे सभी वहां से निकले.

पुलिस को मिली सूचना

गुरुवार सुबह लगभग आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि गाडौली के नजदीक एक कार में युवक का शव लहूलुहान पड़ा है. सूचना मिलते ही सेक्टर-10ए थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की भी टीम पहुंची. कुछ ही देर में शव की पहचान हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक एक गोली गर्दन के नजदीक मारी गई थी जो आर-पार निकल गई थी. पहले चाकू से हमला किए जाने की आशंका थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सबकुछ साफ हो गया.
 

Leave a Reply