फ्लिपकार्ट की तुलना में एमजान ने बीते साल में दूना कारोबार किया

नई दिल्ली । घरेलू ई-कॉमर्स मार्केट में दबदबे के लिए एमजॉन और फ्लिपकार्ट की प्रतिद्वंद्विता जगजाहिर है। बिजनस इंटेलीजेंस प्लेटफॉर्म टॉफलर के हाथ लगे रेगुलेटरी डॉक्युमेंट्स के मुताबिक एमजॉन इंडिया की मार्केटप्लेस कंपनी एमजॉन सेलर सर्विसेज का राजस्व मार्च में खत्म फाइनेंशियल ईयर में 42 फीसदी बढ़कर 11038 करोड़ रुपए रहा है। इस दौरान फ्लिपकार्ट की मार्केटप्लेस कंपनी फ्लिपकार्ट इंटरनेट का रेवेन्यू 32 फीसदी बढ़कर 6318 करोड़ रुपए हो गया। यानी एमजॉन का मार्केटप्लेस का आकार फ्लिपकार्ट से करीब दोगुना रहा।
एमजॉन सेलर सर्विसेज को मार्केटप्लेस फीस, लॉजिस्टिक्स सर्विसेज और दूसरी तरह की फीस से रेवेन्यू हासिल होता है। बीते साल उसे 5849 करोड़ रुपए यानी 3 फीसदी घाटा हुआ था। फ्लिपकार्ट की मार्केटप्लेस कंपनी का घाटा बढ़कर 19 फीसदी यानी 1937 करोड़ रुपए रहा। एमजॉन इंडिया और फ्लिपकार्ट भारत में कई यूनिट्स का संचालन करती हैं। इनमें होलसेल, पेमेंट्स और लॉजिस्टिक्स शामिल है।
भारत में एमजॉन का सबसे ज्यादा रेवेन्यू मार्केटप्लेस सर्विसेज और मार्केटिंग सपोर्ट सर्विसेज से आया है। इन दोनों से क्रमशः 4950 करोड़ रुपए और 1683 करोड़ रुपए आए। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 25 फीसदी बढ़कर 16877 करोड़ रुपए रहा। सबसे ज्यादा खर्च डिलीवरी तथा विज्ञापन और प्रचार पर रहा। कंपनी ने डिलीवरी पर 4603 करोड़ रुपए और विज्ञापन तथा प्रचार पर 2640 करोड़ रुपये खर्च किए।
