गोवर्धन का मंदिर बना जंग का मैदान

मथुरा। गोवर्धन के प्रसिद्ध गिरिराज मुकुट मुखारबिंद मंदिर में पुजारियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। बात इतना बढ़ी कि लात-घूंसों की बरसात होने लगी और चीख-पुकार मचने लगी।  इस झगड़े में मंदिर के एक सेवायत की आंख में चोट आई है। पुलिस ने घायल पुजारी जैकी को सामुदायक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक मुकुट मुखराबिंद मंदिर में गिरिराज प्रभु की राजभोग सेवा का ठेका जैकी शर्मा का चल रहा है। पुजारी जैकी मंदिर में गिरिराज प्रभु की सेवा कर रहा था और मुकेश शर्मा मंदिर परिसर में ही बनी दूध भोग की दुकान पर बैठे थे। तभी कस्‍बे के ही पुजारी समाज के धर्मेंद्र उर्फ पप्पू दूध भोग की दुकान पर पहुंचे और मुकेश शर्मा की दुकान के गल्ले से पैसे उठा लिए।  जैकी ने उसे पैसे उठाते देख लिया। विरोध करने पर दोनों के बीच तू तू मैं मैं शुरू हो गई और बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई।  इस झगड़े के कारण श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। इस मामले में थाना प्रभारी गोवर्धन अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि घायल सेवायत को मेडिकल के लिए भेजा है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply