पश्चिमी यमुना नहर से मिली कार से निकला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

यमुनानगर । हरियाणा के पश्चिमी यमुना नहर में एक होंडा सिटी कार डूबी मिली है। सूचना के बाद पुलिस नगर निगम के गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और कार बाहर निकाला, जिसमें एक युवक की लाश फंसी पाई गई। लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस मृतक का शिनाख्त कर मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक उत्तरप्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। बतया जा रहा है कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद सदर यमुनानगर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव व कार को बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान सहारनपुर के चंद्रनगर निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है। विवेक अवतार लोजस्टिक फर्म में कार चालक था और फर्म के काम से जालंधर गया हुआ था। मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को शक है कि रास्ता भटकने के बाद अनियंत्रित होकर नहर में कार गिरी होगी। हालांकि, परिजनों के बयानों से आगे मामला साफ होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हाउस रखवा दिया गया है।
