ऋषभ ने रिचर्ड्स के क्लब में जगह बनायी

मेलबर्न । टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट की पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी के साथ ही एक विशिष्ट क्लब में जगह बना ली है। ऋषभ ने अपनी पारी में 29 रन बनाये और अपने 25 रन पूरे करते ही वह एक खास सूची में शामिल हो गए। यह लगातार 8वीं पारी थी, जब ऋषभ ऑस्टेलिया में 25 या उससे अधिक रन बनाने में सफल रहे। ऐसा करने वाले वह भारत के दूसरे बल्लेबाज जबकि ओवरऑल चौथे बल्लेबाज हैं।
ऋषभ इसके साथ ही खास रेकॉर्ड सूची में भी शामिल हो गए हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट प्रारुप में इतने रन बनाने वाले केवल तीन ही बल्लेबाज रहे हैं। इंग्लैंड के महान बल्लेबाज वैली हेमंड, वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स और भारत के रुसी सुर्ती। वहीं ऋषभ के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने पिछली 8 पारियों में क्रमश 25, 28, 36, 30, 39, 33, 159 और 29 रन बनाए हैं। इस मैच में उन्हें मिशेल स्टार्क ने विकेटकपीर टिम पेन के हाथों कैच कराया था। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 40 गेंदों में तीन चौके लगाए। पहले टेस्ट में खराब बल्लेबाजी के कारण ऋद्धिमान साहा की जगह ऋषभ को इस मैच के लिए टीम में रखा गया है।
