गैंगरेप में टॉप पर राजस्थान, यह है सरकार की उपलब्धि

जोधपुर। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत राजस्थान सरकार पर जमकर बरसे। सरकार के 2 साल पूरे होने पर उन्होंने कहा कि इन दो सालों में प्रदेश अपराध की श्रेणी में देश का नंबर-वन स्टेट बन चुका है। गैंगरेप की घटनाओं पर शीर्ष पर है। सरकार ने किसानों को छला है। उनका कर्ज माफ नहीं हुआ। उनको मिलने वाली सब्सिडी बंद कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृहनगर में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा सरकार 2 साल की जो उपलब्धियां बता रही है, उन्हें जनता नकार चुकी है। राज्य सरकार की उपलब्धि ये है कि राज्य में बिजली की दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकार की उपलब्धि यह है कि प्रदेश के मुखिया खुद गृह मंत्री हैं और अपराध बेकाबू है। सबसे ज्यादा अपराध तो खुद मुखिया के गृह नगर में हुए हैं। ऐसे में 2 वर्ष की उपलब्धियों का बखान करना हास्यास्पद लगता है। 
  इस मौके पर शेखावत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि जोधपुर कई महीनों से अच्छी सड़कों की मांग कर रहा था। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शहर को एलिवेटेड रोड की सौगात दी है। हालांकि शेखावत इस सवाल को टाल गए कि क्या राज्य सरकार ने इसमें सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब इस विषय पर चर्चा करना फिजूल है कि किसने सहयोग किया किसने नहीं। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन पर भी केंद्रीय मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। किसान आंदोलन के सवाल पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह प्रायोजित आंदोलन है। जनता ने जिन राजनीतिक पार्टियों और लोगों को नकार दिया, वे अपना अस्तित्व बचाने के लिए इस आंदोलन को हवा दे रहे हैं।

Leave a Reply