वकील से जान पहचान बढाने के बाद शातिर ने फोन-पे के जरिये एकांउट से उडा दी लाखो की रकम

भोपाल। राजधानी के बजरिया थाना इलाके में वकील के साथ जान पहचान बढ़ाकर शातिर आरोपी द्वारा फोन-पे के जरिए उसके खाते से दो लाख की रकम उड़ाने का मामला सामने आया है। बताया गया है, कि आरोपी से फरियादी वकील की पहचान लॉक डाउन के दौरान हुई थी। इसके बाद वकील की तबीयत खराब होने पर आरोपी ने उसके साथ रहते हुए उनकी देखभाल कर पहले तो विश्वास जीता और फिर खाते से रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चांदबड इलाके में रहने वाले 43 वर्षीय गजराज ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि वह पेशे से वकील हैं, और लॉकडाउन के दौरान मई जून के महीने में लोगों को खाना बांटते थे। खाना बाटने के दौरान ही उनकी जान पहचान जितेंद्र चौधरी नाम के युवक से हो गई। बाद में दोस्ती बढ़ने पर जितेंद्र का वकील गजराज के घर आना जाना भी शुरू हो गया। फरियादी वकील ने अपनी शिकायत में आगे बताया कि बीते अक्टूबर माह में उसकी तबीयत खराब हो गई जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इसकी जानकारी लगने पर जितेंद्र अस्पताल पहुंचा और वहीं रुक कर उसकी देखभाल करने लगा। यह देख कर फरियादी ने अपना मोबाइल और फोन-पे का पासवर्ड भरोसा कर उसे दे दिया। इसके साथ ही शातिर जितेद्र चौधरी फरियादी वकील के मकान में ही उनके ड्राइवर के साथ एक कमरे में रहने लगा था। इसी दौरान आरोपी ने वकील के खाते से 2 लाख दस हजार की रकम फोन-पे के जरिए एक अन्य खाते में ट्रांसफर कर दी। दो दिन पहले गजराज पेट्रोल पंप कार में पेट्रोल डलवाने पहुंचे वहां पेमेंट करते समय उन्हे पता चला कि उनके खाते पैसे ही नहीं है  और लाखों की रकम निकाली गई है। मामले की जानकारी लेने के बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है, कि शातिर आरोपी और भी कई लोगों से पैसे लेकर हडप चुका है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply