क्राइम ब्रांच ने 21 क्विंटल गांजे के साथ दो लोगों को किया गिरफ्तार

गुरुग्राम । हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने रेड के दौरान ट्रक में लदे 22 क्विंटल गांजे के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने कहा कि पकड़े गए गाजे की बाजार में अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये के करीब है। गांजा पकड़ने के मामले में दो साल में क्राइम ब्रांच की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले, गुरुग्राम पुलिस ने 678 किलो गांजा बरामद किया था। साथ ही दर्जनों नशे के कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार क्राइम यूनिट सेक्टर 10 को सूचना मिली थी कि नशे के कारोबारी किसी बड़ी खेप को उड़ीसा से उकलाना मंडी, हिसार पहुंचाने की कोशिश में हैं। इस पर क्राइम यूनिट ने पंचगाव चौक के पास घेराबंदी कर ट्रक को रुकवा कर तलाशी ली तो पुलिस के होश उड़ गये। एसीपी क्राइम ने बताया कि ट्रक से 21 क्विंटल गांजा बरामद किया गया है। इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 11 करोड़ के करीब बताई जा रही है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने 4 लाख रुपये के लालच में उड़ीसा से यह गांजा ट्रक में लोड करके चले थे, लेकिन जैसे ही गुरुग्राम के बिलासपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे क्राइम ब्रांच ने इन दोनों को दबोच लिया। फिलहाल अब पुलिस दोनों लोगों के पूछताछ करके यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इतने बड़े नशे के कारोबार के पीछे किन लोगों का हाथ है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का काम करेगी कि इस खेप को किन लोगों के पास पहुंचाया जाना था। बता दें कि गुरुग्राम पुलिस ने बीते साल 2020 में भी 678 किलो गांजा बरामद कर इसमे लिप्त दर्जनों नशे के कारोबारियों को सलाखों के पीछे भेजा था, लेकिन बावजूद इसके नशे के कारोबारी अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देने में जुटे हैं।
