थोराट के इस्तीफे के बाद कौन होगा महाराष्ट्र कांग्रेस का नया अध्यक्ष

मुंबई | महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहेब थोराट के इस्तीफे की पेशकश के बाद से नए अध्यक्ष को लेकर कवायद शुरू हो गई है। वैसे तो थोराट का इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं हुआ है लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द वहां नए अध्यक्ष का नाम तय किया जा सकता है। कांग्रेस के सामने बड़ा सवाल है कि महाराष्ट्र में पार्टी की बागडोर अब किसके हाथों में होगी। राज्य के प्रभारी एचके पाटिल प्रदेश के दौर पर हैं और उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान और बालासाहेब थोराट से भेंट भी की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से पाटिल की मुलाकात को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदलने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है, जहां कांग्रेस प्रभारी विभिन्न नेताओं से मिलकर उनकी राय ले रहे हैं।
बालासाहेब थोराट प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ ही महाअघाड़ी सरकार में मंत्री पद भी संभाल रहे हैं। इसलिए पिछले कुछ वक्त से ही किसी और को प्रदेश अध्यक्ष पद देने की बात चल रही है। महाराष्ट्र में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर राजीव सातव, नाना पटोले और अमित देशमुख का नाम सामने आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस के एक धड़े की ओर से इस बार प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसी मराठा नेता को नहीं दिए जाने की मांग हो रही है। प्रदेश में कई जगहों पर ओबीसी समाज द्वारा आंदोलन देखने को मिले हैं जिसके बाद अपनी ताकत को कायम रखने के लिए कांग्रेस राजीव सातव, नाना पटोले के नाम पर भी विचार कर सकती है।
