तीन घंटे तक केनरा बैंक में रहा खातेदार का शव! ग्रामीणों ने की पैसे देने की मांग

पटना बिहार की राजधानी पटना जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियावा गांव के लोग केनरा बैंक की शाखा में ग्रामीण महेश यादव नाम के व्यक्ति का शव लेकर पहुंच गए और उसके खाते में जमा रकम की मांग करने लगे। 60 साल के महेश यादव की बीमारी के कारण मौत हो गई, जिसके बाद उसके अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों ने बैंक से उसके जमा पैसों की मांग की। महेश का अपना कोई नहीं है जिसके कारण उसके अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों को आगे आना पड़ा। जब ग्रामीणों ने जमा पैसे की मांग की तो बैंक प्रबंधन ने इनकार कर दिया। इसके बाद गुस्से में आकर ग्रामीणों ने महेश यादव के शव को बैंक के अंदर लाकर रख दिया। महेश का शव तीन घंटे तक बैंक में पड़ा रहा, जिसके कारण बैंक और आसपास में काफी अफरा-तफरी मच गई है। पुलिस के आने के बाद माहौल थोड़ा ठंडा हुआ और आखिरकार बैंक ने ग्रामीणों को 10 हजार सौंप दिए, जिसके बाद ग्रामीण महेश का शव लेकर अतिंम संस्कार के लिए रवाना हुए। पुलिस के मुताबिक, महेश ने न ही शादी की थी और न ही उसका कोई अपना था, यहां तक की महेश के भाई की भी मृत्यु बहुत साल पहले हो गई थी। बैंक ने बताया कि महेश के खाते में 18 लाख जमा हैं। महेश से बैंक ने कई बार केवाईसी कराने के लिए भी कहा था। बैंक प्रबंधक के अनुसार, महेश ने अपने कोई नॉमिनी भी नहीं बताए थे जिसके कारण बैंक ग्रामीणों को पैसे देने से इनकार कर रहे थे। 

Leave a Reply