दोस्त की हत्या कर फरार आरोपी 21 साल बाद गिरफ्तार

सूरत | 21 साल पहले अपने दोस्त की हत्या कर फरार आरोपी आखिरकार कानून के हत्थे चढ़ गया| उत्तर प्रदेश का मूल निवासी आरोपी 10 साल से सूरत के कडोदरा में रह रहा था| पूर्व सूचना के आधार पर सूरत क्राइम ब्रांच ने आरोपी को डिंडोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया| जानकारी के मुताबिक सूरत के उधना क्षेत्र के खत्रीनगर झुग्गीबस्ती में रामनरेश महाराजदीन वर्मा अपने दोस्त मुनेश्वर उर्फ मनीष रामजियावन वर्मा के साथ रहता था| घर खर्च की रकम दोनों आधी-आधी बांट लेते| लेकिन रामनरेश के कुछ समय रुपए देने से इंकार करने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ| झगड़े के दौरान आवेश में आकर मुनेश्वर उर्फ मनीष ने चाकू से  रामनरेश का गला रेत दिया| रामनरेश के सीने और पेट में भी चाकू घोंप उसकी हत्या कर फरार हो गया| उस वक्त पुलिस ने हत्या कर आरोपी मुनेश्वर की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला| इस बीच पिछले काफी समय से गंभीर मामलों के आरोपियों की तलाश कर रही सूरत क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि मुनेश्वर उर्फ मनीष वर्मा डिंडोली आनेवाला है| सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने घटना के 21 साल बाद आरोपी मुनेश्वर उर्फ मनीष को गिरफ्तार कर लिया| पूछताछ में मुनेश्वर ने बताया कि घटना के बाद पहले वह कडोदरा गया और वहां से उत्तर प्रदेश चला गया| उत्तर प्रदेश में 10-15 दिन रुकने के बाद वापस कडोदरा आ गया| कुछ समय तक सूरत और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन किया और 10 पहले कडोदरा में स्थानीय होकर डाईंग मिल में नौकरी करने लगा| अपना भूतकाल छिपाकर मुनेश्वर ने शादी भी कर ली| 10 वर्ष के पुत्र और 7 साल की पुत्री के पिता मुनेश्वर की सच्चाई सामने आने के बाद उसका परिवार भी चौंक उठा|

Leave a Reply