पाकिस्तान की जेल में 3 महीने से बंद है राजस्थान का गेमरा राम

बाड़मेर। भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे बाड़मेर के गेमराराम के अनजाने में सरहद पार पाकिस्तान जाने तथा वहां उसे जेल भेज दिए जाने के बाद कुम्हारों का टिब्बा निवासी गेमरा की रिहाई के लिए हर तरफ से आवाज मुखर होने लगी है। पाकिस्तान की अमरकोट जेल में बंद गेमराराम के परिवार वालों के हाल बेहाल है। कई जनप्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार से मामले में कदम उठाने की गुहार की है। मामला अब विदेश मंत्रालय तक पहुंच गया है। गेमरा राम के भाई जुगताराम का कहना है कि उसके भाई की अनजाने में हुई गलती ने पूरे घर को गमजदा कर रखा है। बाड़मेर जैसलमेर के पूर्व सांसद कर्नल मानवेन्द्र सिंह मामले को लेकर विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और पाकिस्तान के दूतावास से संपर्क में है। गेमरा राम के परिजनों की ही तरह स्थानीय जनप्रतिनिधि और कांग्रेस के बाड़मेर जिलाध्यक्ष फ़तेह मोहम्मद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बाड़मेर के बेटे गेमराराम की वतन वापसी की गुहार करते नजर आ रहे हैं।
