नजूल भूमि की नीलामी अब लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन विभाग करेगा

भोपाल।शिवराज सरकार ने नजूल भूमि की नीलामी के अधिकार नवगठित लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन विभाग को सौंप दिये हैं तथा इस नये विभाग का भूमि प्रबंधन अधिकारी चयनित नजूल भूमि की नीलामी कर सकेगा। उल्लेखनीय है कि गत 24 सितम्बर 2020 को राजस्व विभाग के अंतर्गत मप्र नजूल भूमि निर्वर्तन निर्देश जारी किये गये थे। इसमें प्रावधान था कि राज्य नजूल निर्वर्तन समिति की सिफारिश पर भूमि प्रबंधन अधिकारी नगरीय क्षेत्र में दस हजार वर्गमीटर से अधिक तथा नगरेत्तर क्षेत्र में 50 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल के मामले में नजूल भूमि का चयन करेगा तथा भूमि प्रबंधन अधिकारी इस चयनित भूमि की नीलामी करेगा। निर्देश में साफ किया गया था कि नीलामी करने वाला भूमि प्रबंधन अधिकारी राज्य शासन अलग से अधिसूचित करेगी। इसीलिये अब राज्य सरकार ने चयनित नजूल भूमि की नीलामी का अधिकार लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन विभाग को सौंप दिया है जिसका नियुक्त अधिकारी भूमि प्रबंधन प्राधिकारी होगा। ऐे चयनित होगी भूमि : नीलामी के लिये नजूल अधिकारी जिला कलेक्टर के निर्देश पर लैंड बैंक में उपलब्ध किसी नजूल भूमि को नीलामी द्वारा निर्वर्तित किये जाने हेतु चयनित करने के लिये प्रतिवेदन तैयार करेगा। स्वीकृति मिलने पर सार्वजनिक उद्घोषणा कर चयनित नजूल भूमि पर आम लोगों से दावे एवं आपत्तियां बुलाई जायेंगी। सुनवाई के बाद चयनित भूमि का सीमांकन कर उसकी नीलामी की जायेगी।
 

Leave a Reply