“विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत पर भाजपा का विजय उत्सव, सीएम मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई”

अंग-बंग-कलिंग सब तरफ लहरा रहा भाजपा का झंडा
– भय की हार और मोदी जी के भरोसे की जीत है चुनाव परिणाम
– प्रधानमंत्री जी की गारंटी देश की जनता के लिए सबसे बड़ा विश्वास बन चुकी है
– ममता जब निर्ममता करेंगी, तो उसकी कीमत तो चुकानी ही पड़ेगी
– डॉ. मोहन यादव
– प्रधानमंत्री जी के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक हैं विधानसभा चुनाव
– चुनाव परिणाम स्पष्ट बता रहे हैं कि इंडी गठबंधन को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया
– राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ जनता की अभिव्यक्ति है विधानसभा के चुनाव परिणाम
– इंडी गठबंधन हुआ खंड-खंड, राहुल गांधी पूरी तरह विफल
– श्री हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल, 04/05/2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न राज्यों में भाजपा व एनडीए को मिली प्रचंड विजय पर सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। झालमुड़ी एवं मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी कर विजय उत्सव मनाया गया। तत्पश्चात् पार्टी के केंद्रीय कार्यालय दिल्ली में आयोजित विजय उत्सव में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के संबोधन का श्रवण किया। विजय उत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अंग-बंग-कलिंग सब तरफ भाजपा का झंडा लहरा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की गारंटी देश की जनता के लिए सबसे बड़ा विश्वास बन चुकी है। पश्चिम बंगाल, असम, पुड्डुचेरी में भाजपा व एनडीए को मिला जनादेश साबित करता है अब चुनाव तुष्टिकरण और फेक मेनिफेस्टों से नहीं सुशासन के आधार पर जीते जाते हैं। शहर से गांव तक, युवा से बुजुर्ग तक और मातृशक्ति ने भारी संख्या में भाजपा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पर अपना अटूट विश्वास जताया है। बंगाल का चुनाव ‘ममता बनाम जनता’ का चुनाव बन चुका था। जनता ने हिंसा, भय और भ्रष्टाचार की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है। चुनाव परिणाम भय की हार और प्रधानमंत्री जी के भरोसे की जीत है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि विधानसभा चुनावों के परिणाम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक हैं। विधानसभा के चुनाव परिणाम स्पष्ट बता रहे हैं कि इंडी गठबंधन को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। विधानसभा चुनावों के परिणाम राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ जनता की अभिव्यक्ति है। इंडी गठबंधन पूरी तरह खंड-खंड हुआ है और राहुल गांधी पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। विजय उत्सव में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, श्री राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री राकेश सिंह एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा सहित प्रदेश शासन के मंत्रीगण एवं पार्टी के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे।
ममता जब निर्ममता करेंगी तो उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ममता जब निर्ममता करेंगी, तब उसकी कीमत तो चुकानी पड़ेगी। पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं द्वारा की गई अथम मेहनत व परिश्रम का सुखद परिणाम है। असम ने फिर एक बार घुसपैठियों के खिलाफ राष्ट्रवादी शक्तियों को राज्य की सेवा का अवसर दिया है। बंगाल आजादी के पहले से बहुत सक्षम-सशक्त और विकासपरक राज्य हुआ करता था, लेकिन दुर्भाग्य से पहले कांग्रेस, कम्युनिस्ट, फिर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासनकाल के कारण बंगाल आज देश में पिछड़ा राज्य बन गया है। इसका बड़ा कारण बंगाल का नेतृत्व रहा है। टीएमसी ने जिस प्रकार से पश्चिम बंगाल की दुरावस्था की थी, यह चुनाव परिणाम उसका ही प्रतिकार है। आज बंगाल में प्रचंड जीत के साथ भाजपा का झंडा लहरा रहा है।
भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए बंगाल की जनता को बहुत बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 22वां राज्य एनडीए के साथ खड़ा है। भाजपा के प्रति प्रेम दिखाने और निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया में धैर्य बनाए रखने के लिये बंगाल की जनता बधाई की पात्र है। सभी हथकंडों को फेल करते हुए, हिंसा, आतंक, अव्यवस्था और तमाम कठिनाइयों के बावजूद जनता अपने निर्णय के प्रति दृढ़ प्रतिज्ञ रही और भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से जीती। ममता जब निर्ममता करेगी, तो उसकी कीमत तो चुकानी ही पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सुशासन की बयार चल रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नेतृत्व, केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के कुशल मार्गदर्शन में हर कार्यकर्ता द्वारा की गई मेहनत का यह सुखद परिणाम है। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को ऐतिहासिक विजय के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद एवं केंद्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करता हूं।

जनादेश ने साबित कर दिया चुनाव तुष्टिकरण व फेक मेनिफेस्टों नहीं सुशासन से जीते जाते हैं – हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, पुड्डुचेरी सहित अन्य राज्यों के विधानसभा परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि चुनाव अब तुष्टिकरण व फेक मेनिफेस्टो से नहीं सुशासन से जीते जाते हैं। देशभर से आए नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आज देश की जनता के लिए ‘मोदी की गारंटी’ ही सबसे बड़ा विश्वास बन चुकी है। श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि पर कमल खिलना केवल राजनीतिक विजय नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा पर जनता के विश्वास और आकांक्षाओं की जीत है। पश्चिम बंगाल का चुनाव ‘ममता बनाम जनता’ का चुनाव बन चुका था। जनता ने हिंसा, भय व भ्रष्टाचार की राजनीति को नकार दिया है। अब बंगाल में भय और हिंसा का कुशासन नहीं, भरोसे और विकास का सुशासन स्थापित होगी। जनता ने तृणमूल कांग्रेस के तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, टोलाबाजी, सिंडिकेट राज और राजनीतिक हिंसा के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है। असम में भाजपा सरकार लगातार तीसरी बार पहले से अधिक बहुमत के साथ बनना यह दर्शाता है कि भाजपा सरकारों के प्रति जनता में एंटी-इनकम्बेंसी नहीं, बल्कि प्रो-इनकम्बेंसी का माहौल है। पुड्डुचेरी में भी जनता ने पुनः एनडीए पर अपना विश्वास जताया है। तमिलनाडु में एनडीए की स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है और जनता ने डीएमके तथा इंडी गठबंधन की विभाजनकारी राजनीति को नकारा है। केरल में भाजपा को इस बार एक मजबूत और प्रभावी विकल्प के रूप में जनता का समर्थन प्राप्त हुआ है।
राहुल गांधी इंडी गठबंधन को एकजुट रखने व प्रभारी नेतृत्व देने में पूरी तरह विफल रहे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश में लगातार 12 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा का नए राज्यों में विस्तार होना, वोट शेयर का बढ़ना और जनता का बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि भाजपा आज देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। पूरे चुनाव के दौरान स्पष्ट दिखा कि राहुल गांधी इंडी गठबंधन को एकजुट रखने और प्रभावी नेतृत्व देने में पूरी तरह से विफल रहे। चुनाव परिणामों के बीच राहुल गांधी का विदेश में होना यह दर्शाता है कि वे गंभीर नेतृत्व देने में असफल रहे हैं। इंडी गठबंधन के दलों के बीच न समन्वय दिखा, न साझा दृष्टि और न ही कोई विश्वसनीय नेतृत्व। इस चुनाव परिणाम से स्पष्ट हो गया है कि इंडी गठबंधन अब पूरी तरह से बिखर चुका है। देश की जनता समझ चुकी है कि इंडी गठबंधन केवल अवसरवादी राजनीति का एक अस्थायी मंच था, जिसका कोई भविष्य नहीं है। आने वाले समय में इंडी गठबंधन पूरी तरह खंड-खंड होकर बिखर जाएगा और देश की राजनीति में उसकी प्रासंगिकता समाप्त हो जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नेतृत्व, केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी के कुशल मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं की अथम मेहनत और जनता के आशीर्वाद से भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिला है। इसके लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करने के साथ देवतुल्य जनता का अभिनंदन करता हूं।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सांरग, श्री तुलसीराम सिलावट, सुश्री निर्मला भूरिया, श्रीमती चैतन्य कुमार काश्यप, श्री राकेश शुक्ला, श्रीमती कृष्णा गौर, श्री गौतम टेटवाल, श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र बरूआ, श्री सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री व सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, महापौर श्रीमती मालती राय, सांसद श्रीमती माया नारोलिया, श्री आलोक शर्मा, श्री दर्शन सिंह चौधरी, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, संभाग प्रभारी श्री अभय प्रताप सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज टेकाम, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगवानसिंह परमार, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम टेलर, निगम अध्यक्ष श्री संजय नगायच, जिला प्रभारी श्री जसवंत सिंह हाडा, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
