राजस्थान निकाय चुनाव परिणामः बीदासर के वार्ड 16 में BJP प्रत्याशी को मिला 1 मत, घरवालों ने भी नहीं दिया वोट

चूरू. प्रदेश के 20 जिलों के 90 निकायों में संपन्न हुये चुनाव में कई बड़े रोचक परिणाम (Rajasthan Municipal Election Results) सामने आये हैं. ऐसा ही एक रोचक परिणाम चूरू जिले की सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बीदासर नगरपालिका (Bidasar municipality) में सामने आया है. बीदासर में 35 वार्ड के लिए हुए चुनाव में वार्ड संख्या-16 के चुनाव काफी रोचक रहे. यहां बीजेपी (BJP) के प्रत्याशी धर्मेंद्र को महज 1 ही वोट मिला है जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस (Congress) के यूनुस को 401 वोट मिले हैं.

यहां एक खास बात यह भी रही कि बीजेपी के धर्मेंद्र को नोटा से भी कम वोट मिले हैं. इस वार्ड में तीन मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया है. कस्बे के वार्ड-16 के इस परिणाम की चर्चायें जोरों पर हैं. सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र से मास्टर भंवरलाल मेघवाल विधायक थे. उनका पिछले दिनों बीमारी के चलते निधन हो गया था. यहां आने वाले दिनों में उपचुनाव होने हैं. इस वजह से भी लोगों की नजरें इस क्षेत्र के निकाय चुनाव के परिणामों पर टिकी हुई थी.

मतदाताओं ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिये ही खतरे का अलार्म बजाया
पूर्व में कांग्रेस के कब्जे में रहे इस विधानसभा क्षेत्र के दो निकायों सुजानगढ़ और बीदासर में निकाय में चुनाव हुये हैं. इनमें कांग्रेस और बीजेपी दोनों को ही स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है. सुजानगढ़ नगर परिषद में जहां कांग्रेस बहुमत के नजदीक है वहीं बीदासर में बीजेपी. दोनों ही जगह दोनों पार्टियों को बोर्ड बनाने के लिये निर्दलीयों की जरुरत पड़ेगी. उपचुनाव से पहले हुये निकाय चुनावों में यहां के मतदाताओं ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिये ही खतरे का अलार्म बजा दिया है.

बीजेपी प्रत्याशी धर्मेन्द्र को एक ही वोट मिलने की यह रही वजह

दरअसल बताया जा रहा है कि बीदासर के वार्ड नंबर 16 में कांग्रेस कार्यकर्ता यूनुस को निर्विरोध पार्षद बनाना चाह रहे थे. लेकिन वार्ड नंबर 5 का धर्मेंद्र बीजेपी से टिकट लेकर चुनाव मैदान में आ डटा. चूंकि क्षेत्र के मतदाता पहले ही यूनुस को पार्षद बनाने का मन बना चुके थे, लिहाजा सभी वोट उनकी तरफ ही गये और धर्मेन्द्र को महज एक वोट मिला. बीदासर के 35 वार्डों में 16 पर बीजेपी और 13 पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे हैं. शेष छह वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कराई है. सुजानगढ़ और बीदासर दोनों ही निकायों में किसी भी बड़े नेता ने चुनाव नहीं लड़ा.

Leave a Reply