एकतरफा प्यार में पागलपन:

दो बच्चों की मां से शादी की जिद पर अड़ा युवक, ब्लेड से खुद का गला काटा, इलाज के बाद दूसरे दिन फिर गला काट घर से भागा

रविवार को युवक खुद का गला काटकर घर से चला गया।
मोतीनगर थाना के संत रविदास वार्ड छोटा करीला क्षेत्र की घटना
पति को छोड़कर दो बच्चों के साथ अलग रहती है महिला

दो बच्चों की मां से शादी करने की जिद पर युवक ने ब्लेड से अपना गला काट लिया। लहूलुहान हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। मौका पाते ही वहां से भाग गया। अस्पताल चौकी पुलिस व स्टाफ की मदद से उसे पकड़ कर लाया गया। प्राथमिक उपचार किया गया। वहां इलाज के बाद उसे रविवार शाम घर भेज दिया गया। सोमवार सुबह युवक ने दोबारा गले पर ब्लेड से वार किया। लहूलुहान हालत में फिर बिना बताए घर से चला गया। परिजन अब उसकी तलाश कर रहे हैं। मामला मोतीनगर थाना क्षेत्र के संत रविदास वार्ड का है। युवक क्षेत्र में रहने वाली शादीशुदा महिला से शादी की जिद पर अड़ा है। महिला और युवक के घर वाले इसके लिए राजी नहीं हैं।

पुलिस के मुताबिक अरविंद (20) पिता नारायण अहिरवार इलाके में रहने वाली 35 वर्षीय महिला से प्रेम करता है। महिला के दो बच्चे भी हैं। वह पति से अलग रहती है। अरविंद इसी महिला से शादी करना चाहता है। इसी की जिद में रविवार दोपहर उसने ब्लेड से खुद का गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की।

बहन बोली- महिला के परिजन ने अरविंद के साथ की थी मारपीट

अरविंद की बहन उर्मिला ने बताया, अरविंद रात भर तो घर पर रहा। सोमवार सुबह फिर शादी की जिद करने लगा। उसे समझाने की कोशिश भी की, लेकिन नहीं माना। इसके बाद दोबारा से उसने अपना गले पर कई बार ब्लेड चला दी। घर के बाहर खून भी फैला है। उर्मिला ने बताया, अरविंद का महिला के घर पिछले चार साल से आना-जाना है। महिला अपने पति के साथ नहीं रहती। महिला का एक 7 साल का और दूसरा 5 साल का बच्चा भी है। कुछ दिन पहले अरविंद महिला के घर गया था। उस वक्त महिला के मायके वाले भी आ गए। उन्होंने अरविंद की पिटाई कर उसे भगा दिया था। इसके बाद महिला को साथ ले गए। बताया जाता है कि युवक घर पर ही रहता है। वह कोई काम भी नहीं करता।

कैसे करा दें शादी?

उर्मिला ने बताया, अरविंद उस महिला के साथ रहने की जिद कर रहा है। उसे समझाया भी, लेकिन वह जिद पर अड़ा है। दोनों की उम्र में भी 15 साल का अंतर है। घटना के बाद से पुलिस ने फिलहाल कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। मोतीनगर पुलिस का कहना है कि मामले में परिवारों वालों के बयान दर्ज होना है। इसके बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। जांच चल रही है।

Leave a Reply