जोधपुर के तीसरे मास्टर प्लान का हुआ अनुमोदन, 2031 तक बनेगी 4 स्पेशल सिटी 

जोधपुर । जोधपुर के तीसरे मास्टर प्लान 2031 का अनुमोदन कर दिया गया हैं। जोधपुर विकास प्राधिकरण में संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्ष 2031 तक शहर की दशा और दिशा तय करने वाले मास्टर प्लान 2031 को मंजूरी दे दी गई। नये मास्टर प्लान में जहां शहर की सीमा अब 40 किलोमीटर तक हो गई है तो वहीं 395 गांव अब जोधपुर विकास प्राधिकरण के क्षेत्र में शामिल होंगे। इस मास्टर प्लान में 2031 तक 4 स्पेशल सिटी बनाने का प्रावधान भी किया गया है। इस मास्टर प्लान में प्राधिकरण ने मास्टर स्ट्रॉक खेलते हुए शहर को पांच पॉलिसी जोन में बांटा है। इसमें डेवलपमेंट कंट्रोल रेगुलेशन डीसीआरबी लाया गया है। इससे अब लैंड यूज चेंज की जरुरत नहीं होगी। अब ग्रुप हाउसिंग लाइफ, डायग्नोस्टिक सेंटर और पेट्रोल पंप सहित अन्य मामलों में लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इस मास्टर प्लान में शहर की कम चौड़ी सड़कों के मिक्स लैंड यूज की व्यवस्था भी की गई है।विकास के इस रोड मैप के साथ आर्थिक विकास का भी खास ध्यान रखा गया है। नये मास्टर प्लान में जोधपुर विकास प्राधिकरण ने आर्थिक विकास को ध्यान में रखकर पाल और पाली रोड के बीच कॉर्पोरेट पार्क का प्रस्ताव दिया है। इसमें केवल गैर निर्माण कार्य कलापों जैसे कॉरपोरेट ऑफिस, आईटी पार्क, जैव प्रौद्योगिकी पार्क, अनुसंधान व विकास केंद्र, प्रदर्शनी केंद्र और उच्च स्तर के होटल विकसित किया जाना प्रस्तावित किया गया है। जोधपुर संभाग मुख्यालय और मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र होने के कारण मास्टर प्लान के अनुमोदन से सुनियोजित विकास की परिकल्पना साकार होगी।

Leave a Reply