जयपुर में बदमाशों ने घर में घुसकर लूट की वारदात को दिया अंजाम, मामला दर्ज

जयपुर । जयपुर के जालूपुरा इलाके में बदमशों ने घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। वारदात में शामिल दो महिला समेत तीन लोगों ने एक महिला से सोने के गहने लूटकर ले गए। इस वारदात को अंजाम देने के लिए डकैत लगभग तीन घंटे तक घर में घुसे रहे। फिलहाल पीडि़त महिला ने पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि लूट की वारदात नवलगढ हाउस जालूपुरा निवासी जेतुन बानो के साथ हुई और वह यहां अकेली ही रहती है। पीडि़ता के मुताबिक, शनिवार को दो महिलाएं किराए पर कमरा देखने आई। किराए पर कमरा नहीं होने की कहने पर वहीं बैठ गई और इधर-उधर की बात करने लगी। जिसके बाद अगले दिन दोनों महिलाए एक लडक़े को साथ लेकर दोबारा आई और पास ही किराए पर कमरा मिलने की कहकर बातचीत करने लगी। इसके बाद उन्होंने भूख लगने की बात कहने लगे, जिस पर पीडि़ता ने होटल से खाना मंगवाकर तीनों को खिला दिया। इसके बाद करीब तीन घंटे बैठकर इधर-उधर की बात करती रही। तभी मौका पाकर लडक़े ने जेतुन बानो का हाथ से मुंह बंद कर दिया और दोनों महिलाओं ने जेतुन बानो के हाथ में पहने सोने के दो कड़े व कानों में पहनी सोने की बाली उतार ली। इससके बाद जान से मारने की धमकी देकर सोने के गहने लूटकर ले गए। लूट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगाला। फिलहाल पुलिस अब महिला द्वारा बताए गए बदमाशों के हुलिए के आधार पर तलाश कर रही है।
