मुख्यमंत्री शिवराज ने महिला सफाई कर्मचारियों संग सड़क पर लगाई झाड़ू

भोपाल. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखे. सुबह अचानक मुख्यमंत्री राजधानी के नेहरू नगर इलाके में पहुंचे. यहां उन्होंने महिला सफाई कर्मचारियों के साथ चौपाल लगाई. शिवराज ने जब महिलाओं से पूछा कि उनकी बेहतरी के लिए क्या हो सकता है तो महिलाओं की तरफ से कई तरह के सुझाव भी आए.महिला दिवस पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ चाय पीकर उनका हौसला बढ़ाया. इसके बाद उन्होंने हाथों में झाड़ू भी थामी और महिला सफाईकर्मियों के साथ शहर की सड़कों को साफ रखने का संदेश दिया. सीएम शिवराज ने इस दौरान कहा कि महिलाओं की तरफ से कई तरह के सुझाव आए हैं, लेकिन सबसे बड़ा स्वभाव महिलाओं के सम्मान का है.
आज सीएम की सुरक्षा भी महिलाओं के जिम्मे
सीएम शिवराज ने कहा- महिलाएं चाहती हैं कि उनको घर-परिवार और समाज में सम्मान मिले. महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार कदम उठा रही है. वहीं, सफाई कर्मचारियों ने भी मुख्यमंत्री को सुझाव दिए. सफाईकर्मियों ने मुख्यमंत्री के सामने छुट्टी देने और वेतन बढ़ाने की मांग रखी. सीएम शिवराज के सुरक्षा के काफिले में भी महिला सुरक्षाकर्मी तैनात नजर आईं. मुख्यमंत्री की गाड़ी में ड्राइवर भी महिला ही थीं. सीएम शिवराज आज महिला दिवस के मौके पर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
