कोरोनाः महाराष्ट्र के मंत्री ने कहा, बंद किए जा सकते हैं नाइट क्लब, BMC बोली- कोई प्रस्ताव नहीं

नई दिल्ली. कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के बढ़ते मामलों के बीच मुंबई के गॉर्डियन मंत्री असलम शेख (Aslam Shaikh) ने मंगलवार को कहा कि शहर में मामले बढ़ते रहे तो नाइट क्लब्स को बंद किया जा सकता है. हालांकि ग्रेटर मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (GMMC) ने कहा है कि शहर में आंशिक या पूर्ण रूप से लॉकडाउन लगाने का कोई प्रस्ताव नहीं है और ना ही नाइट क्लब को अभी बंद करने पर कोई चर्चा हुई है. बीएमसी के एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर सुरेश काकानी (Suresh Kakani) ने कहा, "हमारे सामने इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं है. आज शाम हम बैठक करने जा रहे हैं. लेकिन, इस तरह का कोई एजेंडा नहीं है."

दूसरी ओर शेख ने विधान भवन के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा, "स्थानीय प्रशासन को जब भी जरूरत हो लॉकडाउन के बारे में फैसले लेने की शक्ति दी गई है, अगर संक्रमण के मामले ऐसे ही बढ़ते रहे तो, शहर में नाइट क्लब को पहले बंद किया जा सकता है. हम नाइट कर्फ्यू और आंशिक लॉकडाउन की संभावना से भी इनकार नहीं कर रहे हैं. हम लोगों पर मास्क ना पहनने के लिए जुर्माना लगा रहे हैं. हमें समुद्री किनारों और गेटवे को भी बंद करने की जरूरत पड़ सकती है, जहां शाम को लोग इकट्ठा होते हैं. लोगों को सतर्कता बरतनी होगी."

मुंबई में हर रोज 1 हजार से ज्यादा मामले
बता दें कि मुंबई में हर रोज 1 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं. एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में भी मामले लगातार बढ़ रहे हैं. धारावी में संक्रमण के मामले कभी अंगुलियों पर गिने जा सकते हैं, लेकिन अब ये बढ़कर दहाई में पहुंच गए हैं. धारावी में सोमवार को 18 मामले दर्ज किए गए.
हाल ही में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नव निर्माण सेना ने आदित्य ठाकरे की विधानसभा स्थित लोअर परेल में एक हाई फाई पब का स्टिंग ऑपरेशन किया था, जिसमें लोगों को कोरोना गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ाते हुए देखा जा सकता था.
 

Leave a Reply