औरंगाबाद में 4 अप्रैल तक रहेगा लिमिटेड लॉकडाउन, श‎निवार और र‎विवार को पूरा बंद

मुंबई । कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए औरंगाबाद में रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक लिमिटेड लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इसके साथ ही शनिवार और रविवार को पूरा लॉक डाउन रहेगा। जानकारी के अनुसार, ‎जिले में 4 अप्रैल तक इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। औरंगाबाद के नगर पालिका आयुक्त आस्तिक कुमार पांडेय ने शहर की पुलिस को निर्देश दिया है कि मास्क न लगाने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को नगर पालिका आयुक्त ने आदेश जारी कर शहर की पुलिस को निर्देश दिया कि मास्क न लगाने वालों से भी जुर्माना लिया जाए। महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के इस साल एक दिन में सबसे अधिक 13,659 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 22,52,057 हो गई। स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि 54 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 52,610 हो गई है। राज्य में पिछले साल आठ अक्टूबर को कोरोना वायरस संक्रमण के 13,395 मामले सामने आए थे। उसके बाद से संक्रमण के दैनिक मामलों में गिरावट देखी जा रही थी। बुधवार को 9,913 लोगों के ठीक होने के बाद संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या 20,99,207 हो गई है। राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 99,008 है।

Leave a Reply