डम्पिंग ग्राउंड में लगी भयंकर आग, उड़ती राख और बदबु से हजारों लोग रहे परेशान

उल्हासनगर। उल्हासनगर के कैंप ५ के अवैध डम्पिंग ग्राउंड में भीषण आग लग गई. भीषण आग की लपटों से निकला विषैला धुआँ 2 किलोमीटर दूर तक फैला जिससे स्थानीय रहिवासियों में रोष व्याप्त है. इस आगजनी से बड़ी संख्या में लोगों को आंखों में जलन की शिकायत हुई. इस बीच फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग को काबू में करने का प्रयास किया लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग को काबू में नहीं किया जा सका था. आपको बता दें कि इस अवैध डम्पिंग ग्राउंड में हर रोज शहर भर से ३६० मेट्रिक टन कचड़ा फेंका जा रहा है. डम्पिंग ग्राउंड को यहां से हटाने के लिए स्थानीय लोगों द्वारा कई अनशन आन्दोलन हुए परंतु अबतक ये समस्या बरकरार है. हर रोज लोग विषैले धुँए और बदबु से परेशान हैं. 2 साल पहले एनजीटी में भी गुहार लगाई गई थी. एनजीटी द्वारा उल्हासनगर मनपा को नोटिस भेजकर 2 महीने में डम्पिंग ग्राउंड हटाने की कवायद करने पर विचार करने के लिए कहा गया था, उमनपा पर जुर्माना भी लगाया गया लेकिन अभीतक डम्पिंग ग्राउंड नहीं हटा.
