लिविंगस्टोन की चार साल बाद इंग्लैंड टीम में वापसी 

अहमदाबाद । सलामी बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन की चार साल बाद इंग्लैंड की राष्ट्रीय टी20 टीम में वापसी हु्ई है। लिविंगस्टोन को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनो में बेहतर प्रदर्शन के कारण ही भारतीय टीम के साथ शुक्रवार से शुरु हो रही टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। इस क्रिकेटर ने दावा किया कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए अब परिपक्व हो गये हैं। जून 2017 में दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले लिविंगस्टोन ने ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग (बीबीएल) में शानदार प्रदर्शन कर इंग्लैंड की टीम में वापसी की है। उन्होंने बिग बैश में उप विजेता पर्थ स्कोरचर्स की ओर से 14 मैचों में 426 रन बनाए हैं। लिविंगस्टोन ने कहा, ‘ साल 2017 की तुलना में मैं काफी बदला हुआ खिलाड़ी हूं। दुनिया भर में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलकर आप जो अनुभव हासिल करते हो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने पर काफी अहम हो जाता है।' उन्होंने कहा, ‘‘अपने करियर में पहली बार मैं महसूस कर रहा हूं कि मैं इस माहौल का हिस्सा बनने के लिए तैयार हूं। मैं पहले काफी अपरिपक्व था। मैं फिर अपने क्रिकेट का आनंद उठा रहा हूं।' 
हाल में हुई इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नीलामी में लिविंगस्टोन को राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था। आईपीएल 2019 में चार मैच खेलने वाले लिविंगस्टोन को इस बार अधिक मुकाबले खेलने की उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा, ‘मैंने आईपीएल में समय बिताया, 2 बार बिग बैश लीग के अलावा पाकिस्तान सुपर लीग में खेला। इस दौरान मैंने देखा कि वे कैसे खेलते हैं यह जानना अच्छा अनुभव रहा। फ्रेंचाइजी क्रिकेट सीखने के लिए शानदार चीज है।' लिविंगस्टोन को शायद ही पहले मैच में अंतिम ग्यारह में अवसर मिले पर इसके बाद भी यह खिलाड़ी निराश नहीं है। 
इस क्रिकेटर ने कहा, ‘इंग्लैंड क्रिकेट में इतने सारे विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं। मैं लचीलापन दिखाने के लिए स्वयं पर गर्व करता हूं। मुझे जब भी मौका मिले मैं इसके लिए तैयार रहूंगा।' लिविंगस्टोन इससे पहले सिर्फ आफ स्पिन गेंदबाजी करते थे लेकिन अब उन्होंने लेग स्पिन करना भी सीख लिया है।' 
 

Leave a Reply