अर्धनिर्मित मकान में मिला मानव कंकाल, जांच में जुटी पुलिस

नोएडा । नोएडा में सेक्टर-26 में स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में एक मानव कंकाल मिला है। मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने अर्धनिर्मित मकान में मानव कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। विधि विज्ञान दल की सहायता से पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 26 में एक व्यक्ति का अर्धनिर्मित मकान है और उसने अपने किसी परिचित को मकान को देखने के लिए भेजा, तो मकान के अंदर एक कंकाल पाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया की विधि विज्ञान की टीम को मौके पर बुलाया गया है जो मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि इससे पहले जनपद गौतमबुद्ध नगर में दो व्यक्तियों ने जहर का सेवन कर और फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली थी। वहीं, एक कंपनी में काम करने वाली महिला की बीती रात को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले यशपाल ने सोमवार को अपने घर पर जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान देर रात को उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।
